601 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ कठौन में शिवमहापुराण कथा का हुआ शंखनाद


​रजौन, बांका : भक्ति, शक्ति और अटूट श्रद्धा के संगम के साथ सोमवार को रजौन प्रखंड के कठौन गांव में सात दिवसीय 'श्री श्री 1008 शिवमहापुराण कथा ज्ञान यज्ञ' का शंखनाद हो गया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के पहले दिन गाजे-बाजे और मनमोहक झांकियों के साथ 601 कलशों की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे इलाके को शिवमयी बना दिया। यह कलश शोभायात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर नवटोलिया और रजौन बाजार होते हुए बद्रीनारायण धाम कुटिया परिसर पहुंची, जहां मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया। इसके बाद यात्रा भूसिया और उपरामा गांव का भ्रमण करते हुए वापस कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा का नेतृत्व आकर्षक रथ पर सवार कथावाचक हरिओम जी महाराज और मुख्य आयोजक बिंदेश्वरी बाबा कर रहे थे, जबकि मुख्य यजमान प्रीतम यादव और उनकी पत्नी कल्पना देवी कलश लिए श्रद्धालुओं की अगुवाई करते हुए आगे चल रहे थे। लाल और पीले परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों के 'हर-हर महादेव' के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इस दौरान भगवा पताका लहराते हुए नाचते-झूमते हुए कठौन, नवटोलिया, रजौन सहित अन्य गांवों के काफी संख्या में श्रद्धालु साथ-साथ चल रहे थे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 11 मई तक चलने वाले इस ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन दो सत्रों (सुबह 7 से 11 और शाम 7 से रात 11 बजे) में कथा की अमृतवर्षा होगी। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष नागेश्वर यादव, उपाध्यक्ष अरुण यादव, सचिव रामदेव यादव और कोषाध्यक्ष नवल किशोर मंडल सहित समस्त ग्रामीण पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post