डिजिटल युग में प्रचार-प्रसार को नई दिशा देने का संकल्प

जितेंद्र पाठक (है मुंगेर ):विद्या भारती, द्वारा प्रचार-प्रसार, संवाददाता एवं सोशल मीडिया बैठक का आयोजन गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर, गायत्री नगर, पूरबसराय में हुआ। बैठक में विभाग स्तर पर प्रचार-प्रसार कार्यों को अधिक प्रभावी, समन्वित एवं डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुंगेर विभाग के 25 विद्यालयों के प्रचार विभाग के आचार्य एवं आचार्या उपस्थित रहे।बैठक में प्रचार सामग्री के निर्माण, सोशल मीडिया कंटेंट की गुणवत्ता, त्वरित सूचना प्रसारण, मीडिया प्रबंधन तथा संगठनात्मक गतिविधियों के व्यवस्थित अभिलेखीकरण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने विभाग के प्रचार-प्रसार कार्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सूचना समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय एवं संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से समाज के समक्ष प्रस्तुत करना प्रचार विभाग से जुड़े कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी है। उन्होंने सभी विद्यालयों के कार्यक्रमों के व्यवस्थित डॉक्यूमेंटेशन करने की सलाह दी तथा कहा कि संगठन की गतिविधियाँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचनी चाहिए।इस दौरान त्रैमासिक ई-पत्रिका- भारती का विमोचन भी उपस्थित अधिकारियों द्वारा किया गया।पलामू के विभाग निरीक्षक अखिलेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का युग है। हमारा उद्देश्य विश्व मंच पर भारत की विचारधारा को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना तथा राष्ट्रीयता की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है। मौके पर उपस्थित झारखंड के प्रांतीय कार्यालय अधीक्षक मनोज भारद्वाज ने कहा कि पत्रिकाओं एवं अन्य संचार माध्यमों के द्वारा संगठन के कार्यों और उद्देश्यों को घर-घर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है। इसके लिए टीम वर्क आवश्यक है।
     कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए दौलतपुर, जमालपुर के उपप्रधानाचार्य एवं क्षेत्रीय मीडिया सह-संयोजक संतोष कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में प्रचार-प्रसार की पारंपरिक सोच को बदलने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया को जन-जागरण का सबसे सशक्त माध्यम बनाना होगा। उन्होंने कहा कि मुंगेर विभाग के सभी संवाददाताओं एवं आचार्यों के सामूहिक प्रयास से ही इस कार्य में अपेक्षित सफलता प्राप्त की जा सकती है और इस बैठक से निकली रणनीति पूरे प्रांत के लिए एक नई दिशा प्रदान करेगी।प्रांतीय सोशल मीडिया प्रमुख आलोक कुमार ने उपस्थित सदस्यों को प्रभावी समाचार लेखन की कला से अवगत कराते हुए उसके बारीकियों को समझाया।
     प्रांतीय सोशल मीडिया सह-प्रमुख सुजीत कुमार ने कहा कि सभी आचार्यों को सोशल मीडिया से सक्रिय रूप से जुड़े रहना चाहिए तथा वीडियो संपादन एवं अपलोडिंग की तकनीक में भी दक्ष होना चाहिए, जिससे विद्या भारती के विचारों और कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
     'जन प्रवाद' के संपादक संतोष सहाय ने समाचार लेखन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
     बैठक में मुंगेर जिला के निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव शिव कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष ब्रह्मदेव कुमार, प्रधानाचार्य परमानंद कुमार सहित मीडिया एवं प्रचार-प्रसार कार्य से जुड़े सभी आचार्य एवं आचार्या उपस्थित थे।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post