पेवर ब्लाॅक का निर्माण करने वाले कामगारों/श्रमिकों से मिले जिलाधिकारी।


जिले में उद्यम शुरू करने वाले कामगारों/श्रमिकों की बेहतरी के लिए की जायेगी हरसंभव मदद: जिलाधिकारी।


बेतिया। जिलाधिकारी द्वारा आज योगापट्टी प्रखंड अंतर्गत बहुअरवा पंचायत के वार्ड नंबर-04 में पेवर ब्लाॅक का निर्माण करने वाले कामगारों/श्रमिकों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में विभिन्न प्रकार के उद्यम शुरू करने वाले कामगारों/श्रमिकों की बेहतरी के लिए हरसंभस मदद जिला प्रशासन द्वारा की जायेगी। 

ज्ञातव्य हो कि लाॅकडाउन के दौरान जिले में वापस लौटे कामगारों/श्रमिकों ने आपस में मिलजुल कर गौरा गांव में पेवर ब्लाॅक निर्माण संयंत्र अधिष्ठापित किये। उक्त कामगार, श्रमिक कैथल (हरियाणा), बंगलोर, देहरादून, अंबाला आदि जगहों पर कार्य किया करते थे। स्थानीय प्रशासन द्वारा पेवर ब्लाॅक संयंत्र अधिष्ठापन में मदद की गयी।

हरपुरवा, नया टोला निवासी,  मुन्ना मुखिया ने जिलाधिकारी को बताया कि वह देहरादून में पेवर ब्लाॅक निर्माण कंपनी में कार्य करता था। लाॅकडाउन के दौरान अपने घर वापस आया। काम नहीं मिलने के कारण उसके समक्ष जीविकोपार्जन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी थी। इसी दौरान गौरा गांव में पेवर ब्लाॅक निर्माण की बात सामने आयी तथा वह यहां पर आकर कार्य करने लगा। संतोष कुमार ने बताया कि अपने घर के पास कार्य करने में उसे बहुत ही अच्छा लग रहा है तथा उसका जीविकोपार्जन भी अच्छे ढंग से हो रहा है।

संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि चम्पारण इन्टरप्राइजेज इन्टर लौकिंग टाईल्स के नाम से संचालित उद्यम 13-14 लाख रूपये की लागत से प्रारंभ किया गया था। वर्तमान समय में 15-16 श्रमिकों की सहायता से प्रतिदिन औसतन तीन हजार से अधिक पेवर ब्लाॅक का निर्माण कराया जा रहा है। अबतक 60 लाख से अधिक की बिक्री की जा चुकी है। श्री कुशवाहा ने बताया कि निर्मित पेवर ब्लाॅक चनपटिया, योगपट्टी, बैरिया आदि प्रखंडों के विभिन्न गांवों में बिक्री की जा रही है। पेवर ब्लाॅक का डिमांड बढ़ता जा रहा है। बढ़ते डिमांड के अनुरूप उत्पादन करने में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। 

जिलाधिकारी ने  कुशवाहा से कहा कि जिला प्रशासन हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारी को जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना अथवा अन्य योजनाओं के तहत पेवर ब्लाॅक का निर्माण करने वाले श्रमिकों को ऋण सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराने को कहा है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post