नलजल फेल मुखिया परेशान

नलजल फेल मुखिया परेशान

 बांका (चांदन):नल जल योजना के कारगर नहीं होने पर मुखिया को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने के मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रखंड के सभी मुखिया की नींद उड़ गई है। इसका मुख्य कारण यह है कि प्रखंड के सभी 17 पंचायतों में कोई भी पंचायत ऐसा नहीं है, जहां नल जल योजना पूरी तरह सफल है। वैसे सभी पंचायतों में कई वार्ड ऐसे भी है जहां  नल जल योजना खड़ी कर दी गई है। जिससे लोगों को पानी मिलने की उम्मीद जगी थी। लेकिन योजना के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग होने और ठेकेदारी की मनमानी प्रथा के कारण एकाध को छोड़कर लगभग सभी पंचायतों के वार्डों में नल जल योजना सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। इससे जनता को मिलने वाला लाभ नहीं के बराबर है । अब मुख्यमंत्री द्वारा इस घोषणा के बाद वर्तमान समय के मुखिया की नींद उड़ गई है। और इसके लिए वे तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। चांदन, बिरनिया, सिलजोरी, गौरीपुर, कोरिया सहित सभी पंचायत के मुखिया के लिए यह आफत बन गया है ।अब मुखिया इस फिराक में है कि नल जल योजना के सफल और असफल होने का रिपोर्ट किस पदाधिकारी के द्वारा जाना है। उसी को मैनेज करने की हर जुगत साधने में सभी मुखिया लगातार प्रयास कर रहे हैं। जिससे उनके पंचायत की शिकायत वरीय पदाधिकारियों तक नहीं जाए। वही जनता भी मुखिया की शिकायत को वरीय पदाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब देखना है जी मुखिया की  जीत सफल होती है या जनता की । प्रखंड मुख्यालय के ही सभी नल जल योजना या तो कुछ एक घरों तक ही सिमट कर रह गई है, या आज तक चालू नहीं किया गया है ।जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। ऐसा ही नजारा कई अन्य पंचायतों में भी है। जहां लाखों की लागत से बनने के बावजूद लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।इस सम्बंध में बीडीओ दुर्गाशंकर  ने बताया की सभी पंचायतों में नलजल की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा रही है। किस नलजल योजना की क्या स्थिति है, इस पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के बाद उसे जिला भेजा जाएगा। जिससे नलजल योजना के साथ मुखिया के चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने की स्थिति पर निर्णय किया जा सके।



Post a Comment

0 Comments