बांका : बिहार में शराबबंदी कानून के लिए नियम जितने सख्त हो रहे है। साथ ही उसका पालन करवाने को लेकर भी सरकार और सरकारी तंत्र ने बार-बार अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। लेकिन इस कारोबार से करोड़पति बनने का स्वाद ले चुके तस्कर इस धंधे से बाज नही आ रहे है।। शराबबंदी के बावजूद झारखंड और बंगाल सहित देश के अनेक राज्यों से तस्करी के जरिए लगातार बड़े पैमाने पर शराब बिहार लाए जा रहे हैं। इस तथ्य की पुष्टि यहां बड़े पैमाने पर बरामद की जा रही तस्करी के शराब की खेप भी कर रही हैं।
तस्करी के इस कारोबार के लिए झारखंड की सीमा से लगे बांका जिले की सड़कों का इस्तेमाल खूब हो रहा है। लिहाजा बांका में शराबबंदी को लागू कराने के लिए जिम्मेदार विभागों की भी जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है। अपनी इन्हीं जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बांका उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ जो अभियान चला रखा है, उसे जारी रखते हुए शनिवार को बांका उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ एक बार फिर से बड़ी सफलता हासिल की है। बांका जिले में उत्पाद विभाग की पिछले दो माह के दौरान यह पांचवीं बड़ी सफलता है। विभाग के एक छापामार दस्ते ने भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर बांका जिला अंतर्गत बौंसी थाना क्षेत्र से एक ट्रक पर लदी विदेशी शराब की तकरीबन ढाई सौ पेटियां ज़ब्त की हैं जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है। बांका के एक्साइज सुपरिंटेंडेंट अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई भागलपुर- दुमका हाईवे पर बौंसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भंडारीचक के समीप की गई।जहां एक बड़ी ट्रक दुमका की ओर से आ रही थी, जिसकी गुप्त सूचना विभाग को मिली उसकेे बाद ट्रक को रोक कर जांच करने पर इस बड़े गिरोह का खुलासा हुआ।इस दस्ते में कॉन्स्टेबल विजय कुमार पंडित एवं दिलीप कुमार समेत अन्य शामिल थे। इससे पूछताछ कर इस गिरोह में शामिल अन्य सरगना का पता लगाया जा रहा है।