बांका उत्पाद विभाग को मिली बड़ी सफलता, उत्तराखंड से ट्रक से लाई जा रही शराब की गई जब्त

बांका : जिले के बौंसी थाना अंतर्गत भंडारीचक के समीप शनिवार पूर्वाह्न को भागलपुर-दुमका मुख्य सड़क मार्ग पर सुखनिया पुल के पास उत्पाद विभाग के छापेमार दस्ते द्वारा वाहन जांच के क्रम में विदेशी शराब से लदी एक ट्रक को जब्त किया गया है। ट्रक से कुल 200 कार्टन से 9600 बॉटल में 1728 लीटर शराब बरामद हुई है जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है। बता दें कि बांका जिले में उत्पाद विभाग की छापेमारी के दौरान पिछले 2 माह के दौरान यह पांचवीं बड़ी सफलता है। बांका उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमार दस्ते वाहन जांच में लगे हुए थे, इसी दौरान हंसडीहा की ओर से आती एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया वाहन चालक ट्रक को तेजी से पार करने की कोशिश करने लगा। छापेमार दस्ते द्वारा ट्रक का पीछा करने पर ट्रक को सड़क किनारे रोक कर अंबाला हरियाणा निवासी ट्रक चालक अरविंद कुमार फरार हो गया। गुड़गांव-हरियाणा निवासी सह चालक मनजीत शेरावत को खदेड़ कर पकड़ा गया। उत्पाद विभाग के द्वारा पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सह चालक ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के इस ट्रक पर उत्तराखंड से शराब लाई जा रही थी। शराब को ट्रक पर दो हिस्से में बांट कर लाया गया था। जिसमें ट्रक के ऊपरी हिस्से में लाई गई शराब को झारखंड में किसी जगह डिलीवर किया जा चुका था। ट्रक के तहखाने में रखी शराब को बिहार में ही कहीं डिलीवरी करना था। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि इस कार्रवाई में जब्त ट्रक के सहचालक से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर इस रैकेट में शामिल तस्करों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।उत्पाद विभाग के इस छापेमार दस्ते में सहायक उत्पाद अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार, कॉन्स्टेबल विजय कुमार पंडित एवं दिलीप कुमार समेत अन्य सहयोग करने में लगे हुए थे।

रिपोर्ट:केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post