रजौन, बांका: आसन्न पंचायत आम निर्वाचन 2021 के लिए रजौन प्रखंड का चुनाव तीसरे चरण के आठ अक्टूबर को होने जा रहा है। इसके लिए मंगलवार को बीडीओ राजकुमार पंडित की अध्यक्षता में पंचायत सचिवों के साथ बैठक करते हुए बूथों की अद्यतन जानकारी लेने के उपरांत कई बूथों पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करते हुए पंचायत सचिवों को टेबल, कुर्सी, बिजली पानी, रैंप आदि की जानकारी ली है। बीडीओ ने बताया कि रजौन प्रखंड में 207 भवन पर 256 बूथ, तीन सहायक बूथ लगाकर कुल 259 बूथों पर पंचायत चुनाव संपन्न कराया जाएगा। 259 बूथ में से 20 आंगनवाड़ी केंद्र, 38 पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, चौपाल का भी पंचायत चुनाव के लिए बूथ का उपयोग किया जा रहा। सीडीपीओ सुनीता कुमारी को 20 बूथ वाले आंगनवाड़ी केंद्रों और पंचायत सचिवों को सामुदायिक भवन, पंचायत भवन चौपालों पर छह टेबुल, 10 कुर्सी प्रति बूथों पर इंतजाम करने का आदेश दिया गया है। बीडीओ ने बताया कि नजीर रसीद (एनआर) के लिए चार काउंटर खोले जा रहे हैं। एनआर सितंबर माह के प्रथम सप्ताह के पूर्व कटना प्रारंभ किया जाएगा। बीडीओ ने बताया कि अनारक्षित मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य को एक हजार, आरक्षित कोटी में आने वाले अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ी जाति महिला को पांच-पांच सौ, जिला परिषद सदस्य अनारक्षित कोटी वाले को दो हजार एवं आरक्षित कोटी वाले को एक हजार तथा अनारक्षित वार्ड एवं पंच को 250 एवं आरक्षित वार्ड एवं पंच को 125 रुपए एनआर लगेगा।मिली जानकारी के अनुसार रजौन प्रखंड का आम पंचायत चुनाव के लिए 16 से 22 सितंबर तक नामांकन, 23 से 25 सितंबर तक संवीक्षा, 26 एवं 27 को नाम वापसी, प्रतीक चिन्ह का आवंटन 27 सितंबर,मतदान 8 अक्टूबर एवं मतगणना 10 एवं 11 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में संपन्न कराया जाएगा। बैठक में सीडीपीओ सुनीता कुमारी, जिला मास्टर ट्रेनर जयशंकर प्रसाद विद्यार्थी, पंचायत सचिव राजेंद्र चौधरी, रवि पोद्दार, राजेंद्र प्रसाद यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। रजौन में 18 मुखिया-सरपंच, 26 पंचायत समिति सदस्य, तीन जिला परिषद सदस्य, 256 वार्ड-पंच सीट पर पंचायत चुनाव संपन्न कराना है।
रिपोर्ट: केआर राव
Tags
ताजा खबर