रजौन (बांका):गुरुवार 7 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ रजौन प्रखंड क्षेत्रों में 9 दिनों तक चलने वाली 13 स्थानों पर शारदीय नवरात्रि प्रारम्भ हो गया है। इसके साथ ही शहर व ग्रामीण क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का माहौल हो गया। हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर पूरा प्रखंड क्षेत्र शक्ति की देवी जगत जननी मां दुर्गा के भक्ति भाव में डूब जाता है और 'मां दुर्गा' के मंत्र एवं देवी गीत से पूरे वातावरण गुंजायमान हो जाता है। प्रखंड के रजौन मोदी हाट, चिलकावर, पुनसिया बाजार, पुनसिया बस्ती, महादा, खिड्डी हाट, रूपसा, सिंहनान, खरवा, रानीटीकर, मालती, मड़नी, मिर्जापुर स्थाई दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के साथ गुरुवार से दशहरा भक्तिमय वातावरण में शुरू हो गया, जो 15 अक्टूबर तक विजयादशमी के साथ संपन्न हो जाएगा। अभी तक प्रशासनिक गाइडलाइंस नहीं मिलने के कारण पूजा समिति असमंजस में है, हालांकि कोरोना महामारी को एवं पंचायत चुनाव को देखते हुए सरकारी गाइडलाइंस एवं आदर्श आचार संहिता के अनुरूप पूजा समितियों द्वारा माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू की जा रही है।
रिपोर्ट: केआर राव