रजौन (बांका): प्रखंड क्षेत्र के पुनसिया बाजार में वैक्सीनेशन केंद्र पर लग रही भीड़ को देखते हुए विभागीय आदेश पर गुरुवार को चिन्हित स्थान पुनसिया बाजार स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में कोविड वैक्सीनेशन नाइन-टु-नाइन केंद्र का विधिवत उद्घाटन डॉक्टर ब्रजेश कुमार एवं प्रबंधक राजेश रंजन द्वारा फीता काटकर किया गया। मौके पर यूनिसेफ के विक्रम कुमार और केयर इंडिया के राकेश कुमार, गोविंद कुमार उपस्थित थे। इस केंद्र का उद्घाटन करने का मकसद है कि सुबह 9 बजे से लेकर रात 9 बजे तक केंद्र पर लोगों को टीका लगाया जाएगा. हालांकि, यह सेवा सिर्फ एक माह के लिए दिया जाएगा। विभागीय आदेश पर त्योहारों में आने वाले प्रवासियों एवं वैसे लाभुक जो अभी तक वैक्सीनेशन नहीं लगा सके हैं उनके लिए पुनसिया दुर्गा मंदिर प्रांगण में नाइन-टु-नाइन टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन किया गया है। स्वास्थ्य प्रबंधक राजेश रंजन ने बताया कि उक्त चिन्हित स्थान पर नाइन-टु-नाइन टीकाकरण का उद्घाटन किया गया है, जहां एक माह तक प्रतिदिन 9 बजे सुबह से 9 बजे रात तक टीका लगाया जाएगा।
रिपोर्ट: केआर राव