रजौन, बांका : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पुनसिया बस्ती में शुक्रवार से दो दिवसीय सुखद सत्संग का आयोजन नगर भ्रमण के साथ प्रारंभ हो गया है। इस सत्संग कार्यक्रम में पहुंचे अखंड तेजस्वी राष्ट्रीय संत श्री असंग देव जी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय संत श्री असंग देव जी ने परमात्मा को प्राप्त करने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर को प्राप्त करने का सबसे उत्तम और सरल उपाय प्रेम ही है। प्रेम भक्ति का प्राण भी होता है। प्रेम के बिना इंसान चाहे कितना ही जप, तप, दान कर ले, ईश्वर को प्राप्त नहीं कर सकता है। दुनिया का कोई भी साधन प्रेम के बिना जीव को ईश्वर का साक्षात नहीं करा सकता है। इसके बाद प्रभु को पाने के लिए प्रेम की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने भी कहा है कि भगवान के प्रति प्रेम ही भक्ति का सबसे सुगम मार्ग होता है। एक कथा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देवता अपने दुखों को लेकर भगवान आशुतोष से मिलने के लिए पहुंचे और अपनी समस्याएं बताईं। तब उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल प्रभु श्रीराम ही कर सकते हैं। तब देवताओं ने कहा कि उनको प्राप्त करने के लिए तो हमें वैकुंठ लोक और क्षीर सिंधु में जाना पड़ेगा, क्योंकि भगवान श्रीराम वहीं पर निवास करते हैं, लेकिन भगवान शंकर ने कहा कि उन्हें पाने के लिए किसी लोक में जाने की जरूरत नहीं है। सभी देवतागण प्रेमभाव से यहीं प्रार्थना करें तो उनका साक्षात किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि फिर वहीं पर प्रभु श्रीराम ने अपना साक्षात कराया। संत असंग देव जी ने कहा कि प्रेम में ही परमात्मा को प्राप्त करने की असीम शक्ति होती है। प्रेम के अभाव में सारी योग्यताएं धरी रह जाएगी। गुरु नानक ने भी कहा है कि प्रेम के बिना परमात्मा को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। संत कबीरदास ने भी ढाई अक्षर प्रेम को ही ज्ञान की पराकाष्ठा माना है। उन्होंने कहा कि बिना प्रेम के शस्त्रज्ञान बोझा ढोने के समान होता है। दो दिवसीय सुखद सत्संग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैजनाथ यादव, अमरनाथ भारती, लखन यादव, पवन कुमार शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, सोनू राय, चंद्रशेखर केसरी, जागो यादव, रितेश यादव, राजू मिस्त्री, तूफानी यादव, उदय रावत, महेश प्रसाद साह, कैलाश चौधरी, जलधर प्रसाद मंडल, कन्हैया मंडल सहित समस्त पुनसिया बस्ती ग्रामवासी तन-मन से सहयोग कर रहे हैं।
रिपोर्ट:केआर राव