रजौन, बांका : प्रखण्ड सह थाना मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक शुजा शिकार तालाब के उत्तरी छोर पर अवस्थित कन्या मध्य विद्यालय रजौन में गुरुवार 31 मार्च को विद्यालय की दो शिक्षिका रेखा कुमारी तथा अंजू कुमारी की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय परिवार के द्वारा सेवानिवृत्त हुए दोनों शिक्षिका को भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर सर्वप्रथम उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत बारी-बारी से विद्यालय परिवार के द्वारा माल्यार्पण, बुके एवं अंग वस्त्र देकर किया गया। वहीं इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के छात्राओं के स्वागतगान के साथ हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम के क्रम में विद्यालय के बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत, लोकगीत सहित रिकॉर्डिंग डांस, नाटक एवं एकांकी की प्रस्तुति कर उपस्थित आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रकृति को बचाओ, बाल विवाह जैसे समाजिक कुरीतियों पर आधारित शिक्षाप्रद नाटकों का मंचन किया गया। इस दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे काफी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक सहित रजौन बाजारवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का जमकर आनंद उठाया। इस क्रम में पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान होता रहा। मालूम हो अंजू कुमारी एवं रेखा कुमारी ने 34540 नियमित शिक्षक के रूप में 17 फरवरी 2012 को विद्यालय में योगदान दिया था। एक दशक सेवा के उपरांत अंजू एवं रेखा दोनों शिक्षिका 31 मार्च 2022 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इस उपलक्ष्य में विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान सह विदाई समारोह आई जीतकर दोनों सेवानिवृत शिक्षिका को माल्यार्पण, बुके, विदाई प्रमाण पत्र, अंग वस्त्र, धार्मिक पुस्तकें आदि प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गई। विदाई सह सम्मान समारोह की अध्यक्षता विद्यालय प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह एवं संचालन रजौन बालभारती निवर्तमान सीआरसीसी सह प्रोन्नत मध्य विद्यालय नरीपा के शिक्षक अमरेंद्र कुमार तथा सहयोग विद्यालय के शिक्षक श्यामसुंदर ठाकुर कर रहे थे। वहीं विद्यालय के बच्चों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का निर्देशन कवि सह साहित्यकार संदीप कपूर वक्तनाम कर रहे थे। विद्यालय प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह एवं विद्यालय परिवार की ओर से मौके पर उपस्थित स्थानीय पत्रकारों को भी माल्यार्पण, बुके एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ मूल के जिला अध्यक्ष संजय कुमार, जिला सचिव रामविलास सिंह, प्रखंड सचिव सुभाष चंद्र सिंहा, अंचल प्राथमिक शिक्षक संघ प्रखंड अध्यक्ष अनीश कुमार, सचिव भारतेंदु, बीआरपी संजय कुमार झा, बीआरसी लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम, बीआरसी डाटा ऑपरेटर चांदनी, प्रखंड बीआरसी साधन शिक्षक विनय प्रसाद, बीआरसी सहायक शैलेश कुमार, नवीन चंद्र झा, आदर्श मध्य विद्यालय धौनी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार, मध्य विद्यालय सिंहनान प्रधानाध्यापक भगवान तांती, मध्य विद्यालय पुनसिया बस्ती के प्रधानाध्यापक दिवाकांत यादव, मध्य विद्यालय भगवानपुर के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार, मीना हेंब्रम, विद्यालय शिक्षा समिति अध्यक्ष सावित्री देवी, सचिव प्रियंका कुमारी, बाजार के सम्मानित प्रबुद्ध जन गोपीराम डोकानिया, विजय प्रसाद साह, कन्या मध्य विद्यालय रजौन प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंह, राजकुमारी शर्मा, रूबी कुमारी, श्यामसुंदर ठाकुर, संजीव प्रसाद सिंह, संजय रजक, माधुरी कुमारी, शिक्षा सेवक अरविंद कुमार रजक, संजय कुमार रजक, दीक्षित कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक आदि ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। आगत सभी शिक्षक बंधुओं, शिक्षाविदों आदि ने 31 मार्च 2022 को सेवानिवृत्त करने जा रहे अंजू कुमारी एवं रेखा कुमारी को शांत मधुर भाषी, बच्चों के शिक्षा के प्रति सरलता, सुगमता एवं रोचक पूर्ण तरीके से पढ़ाने के प्रति सदैव याद किए जाने की बात कही। दोनों शिक्षिका विद्यालय में नेक स्वभाव की धनी महिलाओं में से जानी जाती रही थी। दोनों सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को विद्यालय के सभी रसोईया ने भी भावभीनी विदाई दी है। बीआरसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2022 गुरुवार को प्रोन्नत मध्य विद्यालय सुजालकोरामा के शिक्षक मुकुंद मणि मिश्र भी सेवानिवृत्त करने जा रहे हैं। प्रोन्नत मध्य विद्यालय सुजालकोरामा के प्रभारी प्रधानाध्यापक कुमार गौरव ने बताया कि 34540 शिक्षक बहाली में से मुकुंद मणि मिश्र ने विद्यालय में 19 दिसंबर 2019 को योगदान दिया था। 31 मार्च 2022 दिन गुरुवार को सेवानिवृत्त होने की स्थिति में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की ओर से मुकुंद मणि मिश्र को आगामी 6 अप्रैल दिन बुधवार को भावभीनी विदाई दी जाएगी।
रिपोर्ट: केआर राव