रजौन, बांका : प्रखंड सह थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलकावर-असौता पंचायत के लहोरिया गांव के मित्तल साह व मनोरमा देवी के आर्मी जवान पुत्र अमरेश कुमार गुप्ता ने 27 मार्च 2015 को चांदन नदी के पूर्वी तट पर अवस्थित भवानीपुर-कठौन पंचायत के नवादा-गोपालपुर गांव के अजय यादव व प्रमिला देवी की पुत्री जुली को घर से भगाकर प्रेम विवाह की थी। जबकि मालूम हो लड़की की शादी 27 मार्च 2015 को ही कहीं अन्य जगह उसके परिवार वालों की मर्जी से होनी थी, बारात आने वाली थी ठीक उससे पूर्व अमरेश ने लड़की को घर से भगाकर सिंदूर देकर शादी रचाकर करीब सात साल साथ रखकर पत्नी के तरह रखा, लेकिन इसके बाद 10 फरवरी 2022 को मुंगेर जिला के बरियारपुर के किसी दूसरी लड़की से अमरेश द्वारा कोर्ट मैरिज कर लेने की जानकारी होने के बाद लड़की ने अमरेश कुमार से इसका विरोध किया तो वह पीड़िता एवं उसके पूरे परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देने लगा। इधर, विवाहिता जुली ने बताया कि पति के आर्मी में नौकरी लगने के बाद वह भी असम के जोरहट में साथ रही है, लेकिन अब चुपके से दूसरी शादी करने के बाद मेरे साथ मारपीट करने के साथ-साथ तरह-तरह की यातनाएं दे रहे थे। इसको लेकर गांव में पंचायत भी लगाई गई लेकिन ससुराल वाले उसे रखने के लिए तैयार नहीं हुए, इसके बाद पीड़िता करीब दो माह से महिला थाना बांका से लेकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई, पर कहीं न्याय न मिलता देख लड़की 25 अप्रैल दिन सोमवार को रजौन थाने की पुलिस के शरण में आई और थाने में ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने 26 अप्रैल दिन मंगलवार को पीड़िता को उसके ससुराल पहुंचाकर परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करने का प्रयास किया लेकिन इस बीच ससुराल वालों ने फिर से लड़की के साथ मारपीट करते हुए आग से धधकती हुई कोई वस्तु उसके दाहिने हाथ के हथेली में थमाकर गहरा जख्म देकर घर के सभी कमरे में ताला बंद कर सभी परिजन घर से फरार हो गए। घर के आंगन में रह रही पिछले तीन दिन से भूखी-प्यासी पीड़िता ने हाथों के जख्म को दिखाते हुए बताया कि हमारे साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है, लड़के ने सात साल तक यौनशोषण करने के बाद हमें छोड़कर दूसरी शादी रचा लिया है, उसने बताया वह एकबार गर्भवती भी हुई थी लेकिन उसके पति ने ऑबोर्शन करवा दिया। साथ ही उन्होंने बताया अगर मुझे इंसाफ नहीं मिला तो मैं अपने पति के घर के चौखट पर ही आत्महत्या कर लूंगी। इस बीच भूखी-प्यासी धरना पर बैठी पीड़िता को देखने के लिए गांव में काफी भीड़ उमड़ रही है। मौके पर लड़की की मां प्रमिला देवी ने बताया कि मेरे पुत्री के साथ प्रेम विवाह करने के सात साल बाद लड़का धोखा दे रहा है, जब तक मेरी पुत्री को इंसाफ नहीं मिलेगा तब तक वह न्याय के लिए लड़ती रहेगी। इधर, इस घटना को लेकर गांव के एक-दो घर छोड़कर अधिकांश लोग पीड़िता के साथ हुए अन्याय पर काफी आक्रोशित हैं। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कदम से कदम मिलाकर पूरे गांव के हर वर्ग के लोग साथ खड़े दिख रहे हैं।
रिपोर्ट:केआर राव