बांका: होली के दिन आठ वर्षीय मासूम के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मंगलवार को सामाजिक संस्था पारी की संस्थापक सह सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने पीड़िता के परिजनों से मिलकर न्याय का भरोसा दिया। संस्था के बांका जिला निदेशक ब्रह्म प्रकाश ठाकुर व जिला संयोजक प्रिया मिश्रा के साथ पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता ने पीड़िता की मां व उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर न्याय मिलने तक साथ रहने का भरोसा दिया। ज्ञात हो कि होली के दिन प्रखंड के एक आठ वर्षीय मासूम का अपहरण कर दरिंदो ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी और शव को रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूर सुरंग जैसे नाले में बालू के नीचे छुपा दिया था। हालांकि इस मामले में नामजद चार अभियुक्त श्रीधर वर्णवाल, अजय वर्णवाल और डोमन पासवान को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एक चौथे अभियुक्त सागर सोनी उर्फ़ पेंटर को लखीसराय से घटना के 10 दिन बाद गिरफ्तार किया गया था। जबकि एफ एस एल जांच रिपोर्ट आने के बाद कांड के पांचवे आरोपी आर पी एफ जवान विमल कुमार को बीते 15 दिनों पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि मामले का अनुसंधान सही दिशा में चल रही है। साथ ही उन्होंने हत्यारे को फांसी हो, पीड़िता को न्याय मिले के नारों के साथ पीड़िता के घर से थाना तक रोड शो किया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरेकृष्ण पाण्डेय, उप मुखिया संजीव पोद्दार, बजरंग दल के गौरव वर्मा, प्रभात पांडेय, संजीव राय सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।


0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...