माता-पिता ने पढ़ने के लिए लगाई डांट-फटकार तो आठवीं क्लास के छात्र ने गले में फंदा डालकर कर ली आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम

बांका : जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत रजौन प्रखंड मुख्यालय के समीप अवस्थित किफायतपुर गांव में मंगलवार की देर संध्या एक नाबालिग बच्चे ने आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि मृतक के माता-पिता ने उसे पढ़ाई को लेकर थोड़ी बहुत डांट-फटकार लगाई थी, जिससे नाराज होकर उसने ऐसे घटना को अंजाम दे दिया.

मृतक की पहचान किफायतपुर ग्राम निवासी विजय रजक के पौत्र सह सुबोध रजक का पुत्र सौरभ कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मॉडर्न आवासीय विद्यालय रजौन का आठवीं का छात्र बताया जा रहा है. घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पूरी छानबीन करते हुए मृतक के शव को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया है.

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की संध्या उसे अच्छे से पढ़ने-लिखने के लिए उसे थोड़ी डांट-फटकार लगाई गई थी. फटकार लगाने के कुछ देर बाद वह अपने घर के ऊपरी तल पर गया और अर्ध निर्मित घर के बीम से रस्सी के सहारे गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. थोड़ी देर बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, तब वे लोग ऊपरी तल पर पहुंचे तो उसे फंदे से झूलता हुआ पाया. इसके बाद घर में कोहराम मच गया.

इधर घटना की सूचना परिजनों ने रजौन थाना पुलिस को दी, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष रामाकांत सिंह पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसे बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम में बांका भेजी जा रही है.

इस सम्बन्ध में रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजी जा रही है, साथ ही परिजनों के बयान पर यूडी केस दर्ज की जा रही है.

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post