रजौन, बांका: आदित्य राज उर्फ भानू सिंह हत्याकांड मामले में रजौन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 27 जुलाई दिन गुरुवार को क्रेटा कार एवं लोडेड हथियार के साथ रजौन थाना क्षेत्र के मकरमडीह निवासी राजीव यादव एवं उनके साथ उस्तु गांव के सलमान हैदर को राजावर मोड़ के समीप धर दबोचा है। मालूम हो रजौन बाजार सह कठचातर ग्राम निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिंह के इकलौते पुत्र भानू सिंह की हत्या गोली मारकर भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर खैरा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप 9 जुलाई की देर संध्या कर दी गई थी। मृतक के पिता ने मायागंज अस्पताल व बरारी थाना के साथ-साथ रजौन थाना पुलिस के सामने चार व्यक्तियों को आरोपित किया था। आरोपितों में मोहम्मद महताब, राजीव यादव, सौरभ कुमार एवं बिनु कुमार का नाम शामिल था। जिसमें से रजौन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भूसिया ग्राम निवासी शुभम कुमार को घटना के बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं भानू सिंह हत्याकांड मामले में रजौन पुलिस को दूसरी सफलता गुरुवार को मिली है। भानू सिंह हत्याकांड के आरोपित राजीव यादव एवं उनके साथ भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उस्तु गांव के सलमान हैदर नामक एक अन्य अपराध कर्मी को गुरुवार को क्रेटा कार से लोडेड अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राजीव यादव के साथ गिरफ्तार सलमान हैदर का भी आपराधिक इतिहास रहा है, वह उस्तु गांव में मोहम्मद महताब के साथ अवैध हथियार बनाकर सप्लाई आदि करने का काम करता था। सलमान हैदर के विरुद्ध हथियार खरीद बिक्री का आरोप दर्ज पाया गया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है, कई राज उगले हैं। वहीं भानू सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित में से अब महताब एवं बिनु दो आरोपितों की गिरफ्तारी होनी शेष रह गई है, जिसके गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। वहीं गुरुवार की संध्या एसडीपीओ बिपिन बिहारी ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया है कि आरोपित राजीव यादव की लोकेशन मिलने के साथ ही एसपी डॉ. सत्यप्रकाश के आदेश पर रजौन थाना पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए राजावर मोड़ के समीप से क्रेटा कार से राजीव यादव एवं उस्तु गांव के सलमान हैदर को लोडेड देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार राजीव यादव एवं सलमान हैदर के निशानदेही पर जब उस्तु गांव में मोहम्मद मेहताब के घर छापेमारी की तो मोहम्मद मेहताब मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। एसडीपीओ बिपिन बिहारी के पीसी के पूर्व मृतक के मां पिता, भाई बंधु सहित अन्य परिजन आए हुए थे। इधर मृतक के परिजनों ने भानू सिंह के हत्याकांड में एकबार फिर से ससुराल वालों पर आरोप लगाया है। जिस पर पुलिस पूरी तत्परता से हर बिंदुओं पर बारीकी से गहन अनुसंधान करने में जुटी हुई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के क्रम में रजौन थानाध्यक्ष सह केस के अनुसंधानकर्ता मनोज कुमार सिंह, वरीय अवर निरीक्षक रामाकांत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। मालूम हो भानू सिंह मर्डर केस का आरोपित राजीव यादव सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह घटना के दिन से ही छापेमारी में जुटी हुई थी। राजीव यादव के गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष के साथ अवर निरीक्षक रमाकांत सिंह, गौतम कुमार, सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सिन्हा सहित काफी संख्या में पुरुष महिला सशस्त्र बल शामिल थे। इधर मृतक भानू सिंह के परिजनों ने आरोपित राजीव यादव की गिरफ्तारी से खुशी जाहिर करते हुए एसडीपीओ बिपिन बिहारी एवं रजौन थानाध्यक्ष को बधाई देते हुए जल्द से जल्द इस हत्याकांड में ससुराल पक्षों की भूमिका सहित शेष आरोपितों की गिरफ्तारी करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...