नरकटियागंज पहुँची वंदे भारत एक्सप्रेस, विधायक रश्मि वर्मा ने बताया " नरकटियागंज की शान"

नरकटियागंज पहुँची वंदे भारत एक्सप्रेस, विधायक रश्मि वर्मा ने बताया " नरकटियागंज की शान"

नरकटियागंज। उत्तर बिहार के रेलवे इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया जब अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस पहली बार नरकटियागंज रेलवे जंक्शन पर पहुँची। इस ऐतिहासिक अवसर पर "विकसित बिहार – विकसित भारत" थीम पर आधारित एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, और आम नागरिकों ने भाग लिया।
मुख्य मंच पर स्थानीय सांसद सुनील कुमार व विधायक रश्मि वर्मा, रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक प्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि मौजूद थे। मंच को देशभक्ति रंगों और पुष्प सज्जा से सजाया गया था। मंच के पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और "विकसित भारत" का संदेश स्पष्ट रूप से दिख रहा था, जो इस आयोजन की भावनात्मक ऊर्जा को दर्शा रहा था।
वंदे भारत एक्सप्रेस के नरकटियागंज आगमन पर विधायक रश्मि वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा:
 "आज का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। वंदे भारत एक्सप्रेस का नरकटियागंज में आगमन केवल एक ट्रेन की शुरुआत नहीं है, यह हमारे क्षेत्र के सपनों और संभावनाओं की गति है।"
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे विभाग को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आम जनता की आशाओं और वर्षों की प्रतीक्षा का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण, नेपाल सीमा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प बनेगी। इसके माध्यम से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
"मैं आप सभी से अपील करती हूँ कि इस ट्रेन की गरिमा बनाए रखें, इसका पूरा लाभ लें और इसे अपने नगर की प्रगति से जोड़ें। यह वंदे भारत नहीं, यह नरकटियागंज की शान है।"
जनसभा के पश्चात ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, और उपस्थित जनसमूह ने तालियों और नारों से इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।

रिपॉर्ट: आदित्य दुबे / के आर राव

Post a Comment

0 Comments