पटना :राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक नवल प्रसाद जी को शुक्रवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पटना के विजय निकेतन में आयोजित स्मृति सभा में पटना के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद ने कहा कि नवल जी एक कर्मठ कार्यकर्ता एवं कुशल संगठन कर्ता थे। वे जिस क्षेत्र में गए, वहां अपने कार्य की अमिट छाप छोड़ी। नवल जी पटना विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र थे। पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रास बिहारी सिंह का मानना था कि यदि नवल जी प्रचारक नहीं बनते तो सरकारी सेवा में किसी अच्छे स्थान पर होते। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (भूगोल) की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के उपरांत वे अध्यापन कार्य से जुड़े। उसके बाद 1996 में भागलपुर संघ शिक्षा वर्ग करने गए और वहीं से प्रचारक बने। उन्होंने अविवाहित रहते हुए अपना जीवन राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित कर दिया।
उनके प्रचारक जीवन की चर्चा करते हुए क्षेत्र के प्रचारक प्रमुख अरुण जी ने बताया कि संघ के प्रचारक के तौर पर सर्वप्रथम वे सासाराम में नगर प्रचारक बने। इसके बाद बांका एवं नालंदा के जिला प्रचारक के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में संघ कार्य के विस्तार में उनकी अहम भूमिका थी। ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय गतिविधि के कारण उन्हें अखिल भारतीय किसान संघ के प्रांत के सह संगठन मंत्री का दायित्व दिया गया। किसान संघ के कई प्रमुख अभियान और कार्यक्रम उनके सफल नेतृत्व में सम्पन्न हुए। बाद में प्रांत के जागरण पत्रिका के पाठक प्रमुख बने। अक्खड़ स्वभाव के धनी नवल जी अक्सर अपने कार्य में रमे रहते थे। एक बार कार्यक्रम तय हो जाने के बाद नवल जी पीछे नहीं हटते थे।
दक्षिण बिहार के प्रांत संघचालक ने उन्हें श्रद्धा सुमन व्यक्त करते हुए कहा कि नवल जी की कथनी करनी एक थी। इस कारण से स्वयंसेवकों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके पिताजी स्वर्गीय तृप्ति नारायण जी कृषक थे। नवल जी 5 भाई और 1 बहन थे। उनके 3 भाई सरकारी सेवा में थे। सबसे छोटे भाई कौशलेंद्र प्रसाद सिंह का निजी विद्यालय है। नवल जी लंबे समय से बीमार थे। इस स्मृति सभा में क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, क्षेत्र सह कार्यवाह विनेश प्रसाद, सह प्रांत संघचालक प्रो. गजेंद्र देव शर्मा, प्रांत प्रचारक उमेश कुमार, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री भिखूभाई दलसानिया , विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री ख्याली राम, स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री अजय जी समेत अनेक सामाजिक संगठन के प्रमुख सहित सैकड़ो की संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
रिपोर्ट: चंपारण नीति समाचार संपादक कुमुद रंजन राव
।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...