रजौन, बांका : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर रविवार (22 फरवरी) को रजौन प्रखंड मुख्यालय मैदान में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। रजौन मंडल कार्यवाह प्रीतम कुमार राव की अगुवाई में आयोजित इस सम्मेलन की शुरुआत गणेश वंदना, हनुमान चालीसा और भक्तिपूर्ण भजनों के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष सह प्रखंड डीलर संघ के अध्यक्ष देवनंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने की। मंच से वक्ताओं ने समाज में नई ऊर्जा और वैचारिक क्रांति का संचार किया। वहीं इससे पूर्व कार्यक्रम में मौके पर उपस्थित आरएसजे चौधरी कॉलेज धौनी के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र कुमार चौधरी ने अपने हाथों से मंचासीन सभी अतिथियों एवं मंच संचालक को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दक्षिण बिहार के सह प्रांत कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त ने संघ की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने शताब्दी वर्ष के संकल्प के रूप में 'पंच परिवर्तन' - सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व-आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्यबोध पर जोर देते हुए समाज को जागरूक किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में धार्मिक न्यास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सह कथावाचक गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री ने हिंदुत्व पर मंडराते खतरों के प्रति आगाह करते हुए हिंदुओं को एकजुट होने की अपील की। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि धर्म से बड़ी कोई जाति नहीं होती और जिस दिन सनातनी जातिवाद व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर केवल 'हिंदू' के रूप में अपनी पहचान बनाएंगे, उसी दिन देश पुनः परम वैभव को प्राप्त करेगा। शास्त्री जी ने इस अवसर पर बांका की धरती पर बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगामी पांच दिवसीय कार्यक्रम की घोषणा कर श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजौन प्रखंड प्रमुख रूबी कुमारी ने भी अपने ओजस्वी भाषण से जनमानस को जागृत किया। वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष देवनंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने ओजस्वी शब्दों से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का सफल और ऊर्जावान मंच संचालन क्षेत्र के लोकप्रिय कथावाचक ओंकारेश्वर जी महाराज उर्फ ओंकार भारती ने किया। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में आयोजन सचिव प्रदीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष चन्दन कुमार, संयोजक प्रीतम कुमार राव और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ संघ के सभी समर्पित स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं इस मौके पर स्थानीय भजन गायक महेंद्र महंत एवं उनकी मंडली का भी उत्कृष्ट योगदान रहा। इस सम्मेलन में वरिष्ठ स्वयंसेवक दिनेश कुमार साह, कुमुद रंजन राव, दिलीप कुमार मंडल, डॉ प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार सिंह, संघ के जिला सह कार्यवाह अमरेंद्र कुमार, रजौन खंड कार्यवाह रणजीत कुमार, सह खंड कार्यवाह जितेंद्र कुमार ठाकुर, खंड व्यवस्था प्रमुख अवधेश कुमार, खंड शारीरिक प्रमुख विकेश कुमार और शाखा कार्यवाह संदीप कुमार उर्फ पिंटू की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह, सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. प्रताप नारायण सिंह, आरएसजे चौधरी कॉलेज धौनी के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र कुमार चौधरी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, रजौन दक्षिणी जिला परिषद सदस्य मुकेश कुमार सिंह, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, रजौन दक्षिणी भाजपा मंडल अध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ बंटी साह, भाजपा नेता निरंजन चौधरी, विजय प्रसाद साह, बासुकीनाथ सिंह, पर्यावरण मित्र डॉ. रविरंजन, सुमित कुमार सिंह, शिवपूजन सिंह, जीतू कुमार, जदयू युवा नेता स्कंद कुमार और प्रियरंजन रविदास सहित सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और स्वयंसेवक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के पश्चात प्रसाद एवं विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...