छठ घाट निर्माण में घनघोर अनियमिता , आक्रोशित ग्रामीणों

छठ घाट निर्माण में घनघोर अनियमिता , आक्रोशित ग्रामीणों


तारापुर ( मुंगेर ) अनुमंडल के ददरीजाला पंचायत में खम्हार मुसहरी के समीप नरहर नदी में ग्राम पंचायत की 15वीं वित्त योजना से लगभग 12 लाख की राशि से बन रहे छठ घाट को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की है।सोमवार को ग्रामीण बलराम सिंह, वीरेंद्र कुमार, जनार्दन दास, संजीव सिंह, संतोष सिंह सहित कई लोगों ने बताया कि छठ घाट का निर्माण नदी के बीच बहाव क्षेत्र में कराया जा रहा है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में तेज जलधारा से घाट के बह जाने की आशंका है, जिससे सरकारी राशि का दुरुपयोग होगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत के मुखिया पिंटू मंडल द्वारा विकास कार्य मनमाने तरीके से कराया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रस्तावित छठ घाट से महज पांच से दस घरों को ही लाभ मिलेगा, जबकि इसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनाया जाना चाहिए था ताकि अधिक लोगों को सुविधा मिल सके। साथ ही आरोप लगाया गया कि पंचायत के अधिकांश महादलित टोलों में अब तक कोई ठोस विकास योजना लागू नहीं की गई है और वहां के लोगों के साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है।ग्रामीण धनंजय सिंह ने कहा कि किसी भी योजना के क्रियान्वयन से पूर्व स्थल चयन संबंधित पदाधिकारी का दायित्व होता है। बिना उचित निरीक्षण के कार्य शुरू करना प्रशासनिक लापरवाही दर्शाता है।इस संबंध में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गौतम कुमार भारती ने बताया कि योजना की जानकारी है, लेकिन स्थल का निरीक्षण अभी नहीं किया गया है। स्थल की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments