राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की टीम पहुंची रजौन, किसानों की मौजूदगी में हुई चने की फसल कटनी

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की टीम पहुंची रजौन, किसानों की मौजूदगी में हुई चने की फसल कटनी


​रजौन, बांका : राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को रजौन प्रखंड अंतर्गत चकमुनिया (मुनियाचक) गांव में क्षेत्र निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी तारकेश्वर रजक की देखरेख में चने की फसल के लिए 'फसल कटनी प्रयोग' संपन्न हुआ। कार्य की महत्ता को देखते हुए भागलपुर से आए वरीय सांख्यिकी पदाधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चकमुनिया गांव में दो अलग-अलग प्लॉटों का चयन किया गया। किसानों की उपस्थिति में 10 मीटर x 5 मीटर के निर्धारित क्षेत्र में फसल की कटनी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कटनी की उपज का अंतिम माप दो दिनों के बाद लिया जाएगा। ​वरीय पदाधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस 'फसल कटनी प्रयोग' का मुख्य उद्देश्य विभिन्न फसलों के उत्पादन दर का सटीक आकलन करना है। भारत सरकार समय-समय पर अनाज उत्पादन का डेटा एकत्रित करती है, ताकि कृषि क्षेत्र में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जा सके। ​उन्होंने यह भी बताया कि इस गांव के किसानों द्वारा खेती में स्थानीय बीज का प्रयोग किया गया था। इस अवसर पर किसान सलाहकार अस्तांचल एवं आशीष के अलावे स्थानीय किसान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : कुमुद रंजन राव

Post a Comment

0 Comments