रजौन, बांका : रजौन प्रखंड अंतर्गत मोरामा-बनगांव पंचायत के सोहानी गांव में बीते सोमवार (27 अप्रैल) को मानवता और सामाजिक सरोकार की एक भव्य तस्वीर उस समय जीवंत हो उठी, जब महात्मा भोली बाबा सरकार के आशीर्वाद से कन्हैया मंडली और हरित रजौन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'महात्मा भोली बाबा सामूहिक कन्यादान समारोह' सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्मृति शेष सदानंद सिंह को समर्पित इस वर्ष के कार्यक्रम में आर्थिक रूप से पिछड़े व निराश्रित परिवारों की 19 कन्याओं ने अपने परिजनों द्वारा चुने गए जीवनसाथी के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, भागलपुर सांसद अजय मंडल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, कहलगांव विधायक ई. शुभानंद मुकेश, गोड्डा के पूर्व भाजपा विधायक अमित कुमार मंडल, सारा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. हर्षवर्धन, जमुई के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार साह, भागलपुर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बिरेंद्र कुमार, डॉ. अचल भारती, वरिष्ठ पत्रकार कुमुद रंजन राव, भागलपुर जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता और बिहार भाजपा कार्य समिति सदस्य अनुपम गर्ग शामिल हुए। इसके साथ ही रजौन प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह, मनोज क्रांति, पैक्स अध्यक्ष विभाष साह, सूरज कुमार, सन्हौला के जदयू युवा नेता अमन कुमार, समाजसेवी देवाशीष उर्फ निप्पू पांडेय, शिशुपाल भारती, ई. सत्येंद्र सिंह, रजौन उत्तरी मंडल भाजपा अध्यक्ष ई. मनीष कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन चौधरी, राजद नेता दिवाकर यादव और शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह सहित कई गणमान्य प्रबुद्धजनों ने शिरकत की, जिनका आयोजन समिति ने फूलमाला, बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह आदि देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। अलग-अलग स्थानों से गाजे-बाजे के साथ पहुंची बारातों का सोहानी गांव में भव्य आदर-सत्कार किया गया, जिसके बाद जयमाला और उपहार वितरण का कार्यक्रम हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सभी 19 जोड़ों के लिए बनाए गए अलग-अलग मंडपों में वैवाहिक संस्कार संपन्न हुए। वर्ष 2007 से जारी यह परंपरा अब तक 100 से अधिक जोड़ों का घर बसा चुकी है। वहीं इस समारोह को लेकर पूरे सोहानी गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया था और आगंतुकों के लिए भोजन व रात भर जागरण की उत्तम व्यवस्था रही। इस दौरान भजन गायक सुनील मिश्रा व अंगिका मिश्रा के विवाह गीतों ने आगन्तुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं विवाह संपन्न होने के बाद प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप कोट-पेंट, लहंगा-चुनरी, आभूषण और दैनिक उपयोग की सामग्रियां जैसे चौकी, तोशक-तकिया, ट्रंक और बाल्टी सेट भेंट किए गए। इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में महात्मा भोली बाबा के शिष्य कन्हैया लाल सिंह, नितेश कुमार उर्फ बंटी साह, प्रियरंजन कुमार सिंह, तुलसी यादव, प्रत्यूष परमार्थ, गौतम विश्वकर्मा, अधिवक्ता सुमंत कुमार, प्रियरंजन रविदास, संजय यादव, डॉली गुप्ता सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...