बेटियों के मान और पर्यावरण के सम्मान का संगम, रजौन में 27 अप्रैल को सजेगा सामूहिक विवाह का भव्य मंडप

बेटियों के मान और पर्यावरण के सम्मान का संगम, रजौन में 27 अप्रैल को सजेगा सामूहिक विवाह का भव्य मंडप

​रजौन ,बांका :-रजौन प्रखंड अंतर्गत मोरामा-बनगांव पंचायत के सोहानी गांव में आगामी 27 अप्रैल को मानवता और सामाजिक सरोकार की एक भव्य तस्वीर उभरने वाली है, जहां महात्मा भोली बाबा सरकार के आशीर्वाद से कन्हैया मंडली और 'हरित रजौन' के संयुक्त तत्वावधान में 'स्मृति शेष सदानंद सिंह सामूहिक शुभ विवाह समारोह' आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2007 से चली आ रही इस महान परंपरा ने अब तक करीब सौ जोड़ों का घर बसाया है और इसी कड़ी में इस बार भी 16 जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों का विवाह पूर्णतः निःशुल्क, दहेज रहित और सनातन रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा। इस आयोजन की विशेषता यह है कि समिति हर जोड़े को गृहस्थी शुरू करने के लिए कोट-पेंट, लहंगा-चुनरी, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ चौकी, पंखा, ट्रंक और बर्तन जैसे तमाम जरूरी सामान भेंट करेगी। इतना ही नहीं, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए हर जोड़े को एक-एक पौधा भी उपहार में दिया जाएगा, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ करें। आयोजन समिति के संरक्षक कन्हैया लाल सिंह और नितेश कुमार उर्फ बंटी साह का स्पष्ट संदेश है कि बेटी बोझ नहीं बल्कि समाज का गौरव है और इसी भाव के साथ उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को इस पुनीत कार्य में शामिल होकर नव-दंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया है। आयोजकों ने आगे बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना है, बल्कि समाज में सामान्य, सादगी एवं संस्कारों को प्रोत्साहित करना है।

रिपोर्ट :-केआर  राव 

Post a Comment

0 Comments