​आदेश के दो माह बाद भी धौनी स्टेशन पर नहीं रुकी ट्रेन, रेल संघर्ष समिति ने मालदा कूच का किया एलान

​आदेश के दो माह बाद भी धौनी स्टेशन पर नहीं रुकी ट्रेन, रेल संघर्ष समिति ने मालदा कूच का किया एलान

​रजौन, बांका : भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर अवस्थित धौनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे प्रशासन का रवैया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रेलवे द्वारा आधिकारिक तौर पर ठहराव की मंजूरी दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई प्रगति न होने से क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को धौनी स्टेशन परिसर में रेल संघर्ष समिति की एक आपात बैठक अध्यक्ष सिकंदर यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में तथ्यों को रखते हुए बताया गया कि रेलवे प्रशासन पिछले दो महीनों से केवल कागजी खानापूर्ति कर रहा है। विदित हो कि विगत 18 मार्च को ही रेलवे ने संघर्ष समिति के अध्यक्ष को पत्र भेजकर कविगुरु एक्सप्रेस (13015/16) के प्रायोगिक ठहराव की अनुशंसा की सूचना दी थी। इसके ठीक बाद 26 मार्च को स्थानीय विधायक मनीष कुमार को भी रेलवे की ओर से पत्र भेजकर आश्वस्त किया गया था कि ठहराव और प्लेटफॉर्म शेड विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन विडंबना यह है कि इन पत्रों के जारी होने के हफ्तों बाद भी आज तक न तो स्टेशन पर ट्रेन रुकी और न ही सुविधाओं में कोई विस्तार दिखा। धौनी रेलवे स्टेशन संघर्ष समिति के अध्यक्ष सिकंदर यादव ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा आदेश पारित होने के बावजूद मालदा मंडल की सुस्त कार्यप्रणाली क्षेत्र के यात्रियों के साथ मजाक है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब इस मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए समिति के दो वरिष्ठ सदस्यों- प्रो. जीवन प्रसाद सिंह और विष्णुदेव ठाकुर को अधिकृत किया गया है, जो जल्द ही डीआरएम मालदा के कार्यालय पहुंचकर स्वीकृत आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने का अल्टीमेटम देंगे। ट्रेन ठहराव के साथ-साथ बैठक में स्टेशन परिसर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। रेलवे द्वारा जारी ई-नीलामी की सूचना के आलोक में समिति ने तय किया कि निविदा भरने के इच्छुक स्थानीय लोगों को समिति हर संभव मार्गदर्शन देगी, ताकि पार्किंग की व्यवस्था सुचारू हो सके। इस अवसर पर प्रमोद सिंह वेल्डन, प्रो. जीवन प्रसाद सिंह, संजीव कुमार सिंह, प्रकाश कुमार पंकज, मंदारेश्वर कुमार मंटू, संजय कुमार राय, मुकेश दास और मनोज कुमार राय सहित कई सदस्य उपस्थित थे। समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही धौनी स्टेशन पर कविगुरु एक्सप्रेस का ठहराव शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments