​रजौन, बांका :- रजौन प्रखंड के संझा-श्यामपुर पंचायत का टेकनी गांव इन दिनों शिवभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर है। अवसर है नवनिर्मित धनेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित 'श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ' और 'शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा' महोत्सव का, जो अब अपने पूरे परवान पर है। बीते 9 मई से शुरू हुए इस अनुष्ठान की गूंज दूर-दराज तक सुनाई दे रही है। यज्ञ मंडप से उठती हवन की सुगंध और विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार ने टेकनी के साथ-साथ श्यामपुर, मधाय और संझा सहित पूरे इलाके को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है। श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण के लिए यहां 65 भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनके दर्शन और यज्ञ की परिक्रमा के लिए हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों की भीड़ उमड़ रही है। इस मौके पर सजे भव्य मेले में लोग भक्ति के साथ-साथ मनोरंजन का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं। शिवशक्ति योगपीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्रीरामचन्द्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में चल रहे इस उत्सव ने क्षेत्र में श्रद्धा की नई लहर पैदा कर दी है। बुधवार को आयोजित दीक्षा समारोह में स्वामी जी ने 65 श्रद्धालुओं (40 महिला एवं 25 पुरुषों) को गुरु मंत्र दिया, वहीं प्रतिदिन दोपहर में भजनों की प्रस्तुति और शाम को होने वाली 'राम कथा' की अमृत वर्षा भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही है। यज्ञाचार्य कौशल जी वैदिक के मार्गदर्शन में चल रहा यह महाअनुष्ठान अब अपने निर्णायक पड़ाव पर है। गुरुवार (14 मई) को जहां शिव परिवार की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी, वहीं शुक्रवार (15 मई) को भव्य पूर्णाहुति और विसर्जन के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में मुख्य यजमान फाल्गुनी मंडल व नीलम देवी के साथ-साथ यज्ञ समिति के अध्यक्ष संतोष शर्मा, उपाध्यक्ष रामविलास मंडल, सचिव अमोद पासवान, उपसचिव राधे साह, कोषाध्यक्ष दयानंद रजक और उपकोषाध्यक्ष राजीव पासवान सहित समस्त ग्रामीण पूरी तन्मयता और समर्पण भाव से जुटे हुए हैं।

रिपोर्ट :- केआर राव