बांका पुलिस की महाकार्रवाई: मर्डर केस का मुख्य शूटर और टॉप-10 सूची के दो इनामी कुख्यात गिरफ्तार

बांका पुलिस की महाकार्रवाई: मर्डर केस का मुख्य शूटर और टॉप-10 सूची के दो इनामी कुख्यात गिरफ्तार

रजौन, बांका :-  पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के कुशल नेतृत्व में बांका पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर संगठित अपराध के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। इन गिरफ्तारियों में रजौन थाना क्षेत्र का चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य शूटर और बाराहाट थाना क्षेत्र के दो इनामी कुख्यात शामिल हैं। एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने रविवार को अपने कार्यालय वेश्म में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरी बड़ी कामयाबी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते 26 मई को रजौन थाना क्षेत्र के रूपसा और पत्तीचक गांव के बीच सड़क पर खैरा निवासी जमीन कारोबारी मिथिलेश कुमार उर्फ बीडीओ यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में संलिप्त कुल 7 अप्राथमिकी अभियुक्तों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर लगातार फरार चल रहा था। मामले के वैज्ञानिक व त्वरित अनुसंधान के लिए बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 जून 2026 को मुख्य शूटर सैम्पूल कुमार साह (उम्र 22 वर्ष, पिता- चन्द्रकिशोर साह, निवासी- लहोरिया-गोपालपुर, थाना- रजौन) को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से 1 देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए मुख्य शूटर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने आगे बताया कि बाराहाट थाना क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने दो कुख्यात अपराधियों गोलू कुमार उर्फ सुमन उर्फ गोलू राय (पिता- स्व. भवेश यादव) और गोपाल कुमार उर्फ गोपाल चौधरी (पिता- बागेश्वरी चौधरी, दोनों निवासी- मिर्जापुर, थाना- बाराहाट) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों अपराधी जिला पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल थे और इन दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जिला स्तरीय गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन दोनों इनामी अपराधियों को भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र से बिना नंबर की अपाचे बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक ये दोनों कुख्यात सूरज कुमार हत्याकांड और गोली मारकर हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ कई थानों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी महाकार्रवाई और उद्भेदन में पुलिस पदाधिकारियों ने मुख्य भूमिका निभाई। प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के शूटर को दबोचने में रजौन थानाध्यक्ष राज रतन, डीआईयू प्रभारी मनीष कुमार और उनकी टीम शामिल थी। वहीं दोनों इनामी बदमाशों को दबोचने वाली टीम में बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी मनीष कुमार और एसआई ब्रजेश कुमार शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से बरामद हथियार, कारतूस और वाहन को जब्त कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments