रजौन,बांका: बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही बांका और भागलपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस परीक्षा में रजौन प्रखंड के सुमित कुमार और सन्हौला प्रखंड की निधि कुमारी ने अपनी कड़ी मेहनत और मेधा के बल पर सफलता का परचम लहराया है। रजौन प्रखंड के सकहारा ग्राम निवासी राजेंद्र यादव व बिंदु कुमारी के पुत्र सुमित कुमार ने परीक्षा में शानदार 175वां रैंक हासिल कर डीएसपी का पद अपने नाम किया है। बचपन से ही मेधावी रहे सुमित ने वर्ष 2009 में माउंट एसीसी स्कूल भागलपुर से 10वीं और 2011 में सेंट माइकल हाई स्कूल पटना से 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2017 में देश के प्रतिष्ठित संस्थान बिट्स पिलानी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और बायोलॉजिकल साइंसेज में एमटेक की डिग्री हासिल की। सुमित ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में पाई है, जबकि इससे पहले वे 69वीं बीपीएससी और 2023 के यूपीएससी की परीक्षा में एक-एक बार इंटरव्यू राउंड तक पहुंच चुके थे। सुमित के चाचा सह नवसृजित प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर के शिक्षक राजीव कुमार ने बताया कि सुमित शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा है और उसकी इस सफलता से माता-पिता सहित पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। वहीं दूसरी ओर भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत बैजनाथपुर निवासी जवाहर सिंह व विपुला सिंह की सुपुत्री निधि कुमारी ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 950वां रैंक प्राप्त किया है और राजस्व पदाधिकारी के पद पर अपनी जगह पक्की की है। निधि ने यह मुकाम अपने चौथे प्रयास में हासिल किया है। उन्होंने बोकारो स्टील सिटी के चास स्थित गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल से वर्ष 2011 में 10वीं और 2013 में 12वीं की पढ़ाई पूरी की, जिसके बाद सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। निधि की इस शानदार कामयाबी से उनके पैतृक गांव बैजनाथपुर के साथ-साथ उनके ननिहाल धोरैया प्रखंड के मकेशर गांव में भी भारी उत्साह और जश्न का माहौल है। इस अवसर पर निधि के नाना राम प्रसाद चौधरी, उनके मौसेरे भाई कोलहथा निवासी ओमप्रकाश उर्फ मिल्टन सिंह, भूसिया निवासी रिश्तेदार सह शिक्षक राकेश उर्फ पीयूष कुमार एवं बनगांव निवासी शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीणों व प्रबुद्ध जनों ने खुशी व्यक्त की है। सभी ने निधि को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और कहा कि इन दोनों युवाओं की सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...