रजौन,बांका :- बांका जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा मंगलवार की संध्या जारी आदेश के अनुसार रजौन के थानाध्यक्ष राज रतन का तबादला पटना कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना के कार्यालय आदेश के आलोक में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष राज रतन को 'साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई' में योगदान करने हेतु 01 जुलाई से विरमित किया जा चुका है। बता दें कि राज रतन विगत फरवरी माह में ही बौंसी थाना से स्थानांतरित होकर रजौन आए थे। उनके जाने के बाद रिक्त हुए पद, क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से साइबर थाना, बांका में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक महेश कुमार को रजौन का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही नए थानाध्यक्ष महेश कुमार के कंधों पर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को पटरी पर रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उनके मुख्य कार्यों में क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और सूखे नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना, अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन पर कड़ा शिकंजा कसना तथा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाकर अन्य आपराधिक मामलों पर नियंत्रण पाना शामिल रहेगा। इधर नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर एक नई उम्मीद जगी है और क्षेत्र के आम लोगों को नए थानाध्यक्ष से पूरी अपेक्षा रहेगी कि वे अपराधियों और अवैध धंधेबाजों पर नकेल कसकर क्षेत्र में पूर्णतः कानून का राज स्थापित करेंगे।
रिपोर्ट:-केआर राव