पुलिस टीम पर हमला कर बालू लदा ट्रैक्टर छुड़ा ले जाने का आरोपी जीतन साह गिरफ्तार, भेजा गया जेल

​रजौन,बांका :- प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना की पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के टेकनी ग्राम निवासी विनोद साह के पुत्र जीतन साह उर्फ जितेंद्र साह के रूप में की गई है। मामले की जानकारी देते हुए नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को उक्त फरार अभियुक्त के क्षेत्र में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक थाना की पुलिस टीम ने मंगलवार को छापेमारी कर उसे धर दबोचा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला इसी वर्ष 24 फरवरी 2026 को दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसके तहत नवादा बाजार ओपी में पदस्थापित पीटीसी कमलेश यादव अपने सशस्त्र बल के साथ दिवा गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय धायहरना के पास कीचड़ में एक अवैध बालू लदा बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर फंसा हुआ है, जिससे स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है। पुलिस टीम जब सत्यापन के लिए मौके पर पहुंची, तो पुलिस गाड़ी देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि यह ट्रैक्टर रामपुर निवासी छोटू यादव का है। जब पुलिस बल ग्रामीणों के सहयोग से उस अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ला रही थी, तभी धायहरना मोड़ के पास ट्रैक्टर मालिक छोटू यादव ने योजनाबद्ध तरीके से भारी संख्या में उग्र भीड़ एकत्रित कर पुलिस टीम पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस के सरकारी वाहन का आगे का शीशा टूट गया और पुलिस कर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी जबरन ट्रैक्टर को पुलिस के कब्जे से मुक्त कराकर भाग निकले थे। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि इस दुस्साहसिक घटना को लेकर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 109, 121(1), 125, 127(2), 303(2), 324(4), 324(5), 352, 351(2), 132, 191(2), 191(3) और 190 के तहत कुल 8 नामजद और कई अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें जीतन साह भी नामजद आरोपी था। इस कांड के अन्य नामजद आरोपियों में रामपुर निवासी ट्रैक्टर मालिक छोटू यादव, बबुआ यादव, नीतीश यादव, ब्रजेश यादव, खुशहालपुर निवासी सुधांशु यादव उर्फ सुदिन यादव, बाभनकोरामा निवासी रवि कुमार सिंह और सजौरी निवासी आस्था उर्फ आशुतोष कुमार शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post