बांका :- श्रावणी मेला- 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने मंगलवार को धौरी से अबरखा धर्मशाला तक कांवरिया पथ का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में साहेबगंज बाजार एवं मुख्य पथ पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, बांका को अविलंब मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया, साथ ही कच्ची कांवरिया पथ का समतलीकरण कर उस पर लगभग 2 इंच मोटी एवं 15 इंच चौड़ी बालू की परत बिछाने को कहा ताकि वर्षा के दौरान बालू का बहाव न हो और इस कार्य के दौरान मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने कांवरिया पथ पर स्थित सभी पुल-पुलिया, सब-वे, साइनेज, किलोमीटर पोस्ट और धौरी प्रवेश द्वार की मरम्मत एवं रंग-रोगन कर उसे आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश दिए, वहीं वर्षा के दौरान सब-वे में जलजमाव की समस्या को देखते हुए समुचित जल निकासी सुनिश्चित करने तथा पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित जर्जर बेंच एवं कवर स्टैंड की मरम्मत कर उन्हें पुनः व्यवस्थित ढंग से लगाने को कहा। विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को खुले तारों को हटाने तथा वन क्षेत्र के अंधेरे हिस्सों सहित संपूर्ण मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जबकि धौरी धर्मशाला के समीप स्थित अस्थायी थाना भवन का भी रंग-रोगन कराने को कहा गया। श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सभी शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा वहां शिफ्टवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया, जबकि अबरखा टेंट सिटी में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पृथक शौचालय की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता और जिलेबिया मोड़ धर्मशाला सहित सभी धर्मशालाओं में पेयजल व साफ-सफाई दुरुस्त करने की जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं को सौंपी गई। अबरखा धर्मशाला में कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए 'जीविका दीदी की रसोई' की व्यवस्था और आवश्यकतानुसार गर्म पानी उपलब्ध कराने के विशेष निर्देश दिए गए। सुरक्षा और सुगमता को लेकर अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को कांवरिया पथ से दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने, दुकानदारों को लाइसेंस निर्गत करने तथा अस्थायी एवं स्थायी विद्युत कनेक्शन के संबंध में उनके साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, साथ ही कांवरिया पथ के दोनों ओर पेड़ों की छंटाई, आवश्यक स्थानों पर सौंदर्यीकरण और पर्यटन स्थलों की जानकारी के लिए साइनेज लगाने को कहा गया। अंत में मॉनिटरिंग व्यवस्था को कड़ा करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रतिदिन निरीक्षण करने तथा प्रत्येक तीन दिन पर निरीक्षण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ताकि श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
रिपोर्ट:- केआर राव