रजौन मोदी हाट दुर्गा मंदिर से घंटा चोरी, इलाके में बढ़ते सूखे नशे के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

रजौन, बांका :- रजौन थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर अवस्थित रजौन बाजार के मोदी हाट स्थित दुर्गा मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर का मुख्य घंटा चोरी कर लेने का एक बेहद निंदनीय मामला प्रकाश में आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं मंदिर प्रबंधन समिति में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह तब हुई जब मंदिर के सेवादार और स्थानीय लोग सुबह की नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर पहुंचे। वहां स्थापित करीब पांच किलोग्राम वजन का पीतल का भव्य घंटा अपने स्थान से गायब था। मंदिर के मेढ़पति सूर्यनारायण प्रसाद यादव ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय नागरिकों को दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के संबंध में मंदिर के मेढ़पति सूर्यनारायण प्रसाद यादव द्वारा रजौन थानाध्यक्ष को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया है। रजौन पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह जब वे प्रतिदिन की भांति मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए, तो देखा कि मंदिर में बजाने वाला करीब 5 किलो वजन का पीतल का घंटा अज्ञात चोरों द्वारा चुरा लिया गया है। मेढ़पति ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में विधि-सम्मत त्वरित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इस घटना ने रजौन बाजार और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रजौन में पिछले कुछ समय से चोरी और झपटमारी की घटनाओं में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसका सीधा संबंध क्षेत्र में फैल रहे "सूखे नशे" के अवैध कारोबार से है। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में स्मैक, नशीली गोलियों और अन्य घातक सूखे नशों का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। इसके गिरफ्त में आकर कम उम्र के युवा और असामाजिक तत्व अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए पैसे जुटाने की खातिर ऐसी चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। नशाखोर दिनभर सुनसान जगहों और चौराहों पर मंडराते रहते हैं और मौका मिलते ही मंदिरों, दुकानों और सूने घरों को निशाना बनाते हैं। मेढ़पति परिवार सहित समस्त ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और रजौन थाना पुलिस से मांग की है कि मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करने के साथ-साथ क्षेत्र में सूखे नशे की बिक्री करने वाले मुख्य सरगनाओं पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का भविष्य बर्बाद होने से बचे और इलाके में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।
रिपोर्ट :- केआर राव

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post