शंभुगंज (बांका) : थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव में तालाब में डूबने से एक साथ तीन छात्राओं की मौत हो गई। मृतका फंटुश यादव का 10 वर्षीय पुत्री सिंपल कुमारी , नौ वर्षीय शिवानी कुमारी एवं कुंदन यादव का नौ वर्षीय पुत्री राजनंदनी कुमारी थी। घटना शनिवार को 10 बजे के करीब हुई है। मृतका सिंपल की मां सुनीता देवी एवं राजनंदनी की मां रूपम देवी सहित अन्य स्वजनों ने बताया कि खेती किसानी का काम चल रहा है। जिससे सभी पुरूष महिलाएं बहियार चले गए। बताया कि घर से दक्षिण बहियार में करीब सौ मीटर की दूरी पर गांव के ही मनोज यादव का तालाब है विद्यालय में मनसा पूजा की छूट्टी के कारण तीनों बच्ची गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब का मछली देखने बहियार की ओर निकल पड़े , और तालाब के सुरक्षा बांध पर खेलने लगी।इस क्रम में शिवानी कुमारी का पैर किसी तरह फिसल गया , और तालाब में जा गिरी।शिवानी को तालाब में डूबते देख , उसे बचाने बहन सिंपल के बाद राजनंदनी ने भी छलांग लगा दी। यह देख अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर की आवाज सुन बहियार में काम कर रहे किसान दौड़कर आए , और करीब एक घंटे तक काफी मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकालने का काम किया। तब तक तीनों की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहित अन्य अंचल कर्मी घटनास्थल पहुंचे , और तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा।फंटुश यादव के तीन संतानों में एक पुत्र रिसभ कुमार एवं दो पुत्री सिंपल और शिवानी थी। जबकि कुन्दन यादव के चार संतानों में एक पुत्र और तीन पुत्री था। जिसमें राजनंदनी दूसरे नंबर पर थी। स्वजनों ने बताया कि सिंपल और शिवानी दोनों सगी बहनें थी , जबकि राजनंदनी चचेरी बहन थी। सिंपल पांचवी कक्षा एवं शिवानी और राजनंदनी चौथी कक्षा में मध्य विद्यालय सोनडीहा में पढ़ती थी।घटना के बाद ग्रामीणों में यह चर्चा हुई कि यदि तालाब किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहती तो शायद दर्दनाक घटना नहीं होती। बताया कि गांव के ही मनोज यादव द्वारा मछली पालन के उद्देश्य से इस वर्ष तालाब की खोदाई कराया , लेकिन तालाब किनारे सुरक्षा का कोई खयाल नहीं रखा गया। क्षेत्र में तालाब में डूबने से करीब आधे दर्जन से भी अधिक की मौत हो चुकी है। इससे पहले महिसौथा गांव में तालाब में डूबने से दो छात्रों की मौत हुई थी। महथूडीह गांव में मुहर्रम के तजिया जुलूस के दौरान तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई थी।इसके अलावा इस तरह से कई घटनाएं हो चुकी है।



0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...