बांका, अंग :निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के दिशा-निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के क्रम में शुक्रवार 01 अगस्त को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बांका द्वारा जिले के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। प्रकाशन के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बांका नवदीप शुक्ला के द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिवों के साथ समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में बैठक आहूत की गई। इस बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बांका, उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिवों को बांका जिले के पाँचों विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रारूप मतदाता सूची एवं गणना प्रपत्र नहीं भरने वाले व्यक्तियों, जिसका नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, की सूची भी हस्तगत कराया गया। जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची निर्वाचन विभाग एवं बांका जिले के वेबसाईट पर ऑनलाईन भी उपलब्ध है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा बताया गया कि जिले के कुल 1547863 मतदाताओं में से 1430517 मतदाताओं द्वारा पुनरीक्षण के क्रम में गणना प्रपत्र जमा किया गया है। इसमें कुल 8569 मतदाताओं द्वारा ऑनलाईन गणना प्रपत्र जमा किया गया है। प्रकाशित निर्वाचक सूची के प्रारूप के विरूद्ध 01 अगस्त 2025 से 01 सितंबर 2025 तक दावा या आपत्ति दिया जा सकता है। दावा या आपत्ति के निष्पादन के उपरांत 30 सितंबर 2025 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय एवं नगर पंचायत कार्यालयों में दिनांक 02 अगस्त से 01 सितंबर 2025 तक प्रत्येक दिन (रविवार सहित) दिन के 10 बजे से शाम 5 बजे तक दावा या आपत्ति प्राप्त करने हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कोई भी पात्र मतदाता जो निर्वाचक सूची में शामिल होने से वंचित रह गया हो वे अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीएलओ, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय एवं ऑनलाईन माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत किया जा सकता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया कि जिलान्तर्गत सभी विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर अपना बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति कर लिया जाए। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बांका जिला, उप निर्वाचन पदाधिकारी, बांका एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बांका उपस्थित थे। विशेष गहन पुनरीक्षण- 2025 के सफलता हेतु राजनैतिक दलों की सहभागिता एवं सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
रिपोर्ट:के आर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...