रजौन,बांका :-ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण व विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति उन्हें जागरूक करने में जीविका का प्रयास निरंतर जारी है। लैंगिक हिंसा के विरुद्ध जीविका दीदियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नई चेतना अभियान 4.0 शुरू किया गया है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक संचालित इस राष्ट्रीय अभियान के तहत लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूक करते हुए जीविका दीदियों को इसके विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रखंड परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार की अगुवाई में प्रखंड मुख्यालय के निकट अवस्थित जीविका अधिकार केंद्र में प्रखंड स्तरीय नई चेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदान टीम के सहयोग से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जीविका दीदियों को समाज में अपनी पहचान बना कर महिला-पुरुष के भेद को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मौके पर उपस्थित रजौन बीडीओ अंतिमा कुमारी, प्रदान टीम के राज्य स्तरीय कोऑर्डिनेटर अनिता कुमारी, बांका जिला कोऑर्डिनेटर साकेत चटर्जी, रजौन प्रखंड कोऑर्डिनेटर हिटलर कुमार, जीविका बीपीएम मुकेश कुमार सहित अन्य ने सभी जीविका दीदियों से इस अभियान के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए हर जगह अपना एक अलग पहचान बनाने पर जोड़ दिया। वहीं इस सम्बंध में जीविका बीपीएम मुकेश कुमार ने बताया कि नई चेतना 4.0 अभियान भारत में ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा नवंबर 2025 में शुरू किया गया एक प्रमुख, एक महीने तक चलने वाला राष्ट्रीय अभियान है, जो दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत आता है। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को संगठित करके ग्रामीण क्षेत्रों में लैंगिक हिंसा को समाप्त करना, महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, गरिमा और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देना है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान में महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, युवा मामले और खेल मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण, गृह मंत्रालय, न्याय विभाग, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सहित कुल 11 मंत्रालय शामिल है, जिनका लक्ष्य सामुदायिक कार्रवाई को बढ़ावा देना, नीति निर्माण में महिलाओं की आवाज सुनिश्चित करना और जागरूकता, कौशल विकास और महिला उद्यमियों को समर्थन के माध्यम से हिंसा मुक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि नई चेतना बदलाव की एक पहल है, इस अभियान का मूलमंत्र एक साथ एक आवाज, समानता के लिए संकल्प का आगाज है। इस अभियान के तहत जीविका दीदी समाज में रैली निकालकर, मेहंदी लगाकर, रंगोली प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी। वहीं इस मौके पर बीईओ सह बीसीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क, बीएसओ तारकेश्वर रजक, जीविका ऐसी लक्ष्मी कुमारी, सीसी शांता भारती, आरती कुमारी, नंदकिशोर कुमार, मिथुन कुमार के अलावे लक्ष्मीबाई सीएलएफ की अध्यक्ष राखी देवी, सचिव प्रियंका कुमारी, कोषाध्यक्ष सपना देवी सहित काफी संख्या में जीविका दीदी आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट: केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...