भाटकोरामा में दबंगई का तांडव: दो पक्षों में हिंसक झड़प, महिलाओं से अभद्रता और फायरिंग से दहला इलाका, पुलिस ने डाला डेरा

भाटकोरामा में दबंगई का तांडव: दो पक्षों में हिंसक झड़प, महिलाओं से अभद्रता और फायरिंग से दहला इलाका, पुलिस ने डाला डेरा

​रजौन,बांका:- रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटकोरामा गांव में बीते 3 मार्च दिन मंगलवार (होलिका दहन) की रात करीब 8 बजे आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लूटपाट और फायरिंग की घटना हुई। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना इतनी बड़ी होने के बावजूद दोनों में से किसी भी पक्ष ने अपने आवेदन में इस बात का स्पष्ट जिक्र नहीं किया है कि आखिर इस विवाद और हमले के पीछे का मुख्य कारण क्या था, बल्कि बिना किसी ठोस कारण की चर्चा किए दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमले और लूटपाट के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना को लेकर प्रथम पक्ष की पीड़िता गौरी देवी (पति- भुवनेश्वर प्रसाद यादव) के अनुसार गांव के ही राहुल यादव, ब्रजेश यादव, पंकज यादव, जयकांत यादव और रविकांत कुमार सहित करीब एक दर्जन नामजद और कई अज्ञात बदमाशों ने एक सोची-समझी साजिश रचते हुए सबसे पहले गांव के ट्रांसफार्मर से बिजली काट दी ताकि अंधेरे का फायदा उठाया जा सके और फिर राइफल, पिस्टल व थ्रीनट जैसे हथियारों से लैस होकर वे उनके घर में घुस गए और गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। पीड़िता ने अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए, जिससे वे निर्वस्त्र हो गईं और राहुल यादव ने उनके गले से करीब आधा भर सोने का लॉकेट छीन लिया, यही नहीं अपराधियों ने पड़ोस के कंचन देवी, पिंकी देवी और अंजू देवी के घरों पर भी ईंट-पत्थरों से हमला कर उनके एस्बेस्टस को चकनाचूर कर दिया। घटना के दौरान ब्रजेश और जयकांत यादव द्वारा फायरिंग करने और "किसी को छोड़ना मत, सबको छेद दो" जैसे उकसावे वाले शब्दों का इस्तेमाल करने की बात भी सामने आई है और पुलिस को मौके से दो कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं। दूसरी ओर इसी घटना को लेकर द्वितीय पक्ष की मनोरमा देवी (पति- उमाकांत यादव) ने भी थाने में लिखित आवेदन देकर अपना पक्ष रखा है, जिनके अनुसार उनका पुत्र ब्रजेश कुमार जब बाजार से अपने घर लौट रहा था तभी गांव के ही बासुकी यादव, सुमन कुमार, रविन यादव, किशोर यादव और अन्य लोगों ने उसे रास्ते में घेरकर भद्दी-भद्दी गालियां दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची घर की महिला शोभा देवी, अंजनी देवी और गुंजन देवी के साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई और द्वितीय पक्ष का आरोप है कि इस दौरान अंजनी और गुंजन देवी के गले से सोने की चेन छीन ली गई तथा जाते-जाते आरोपियों ने रास्ते चलते गोली मार देने की धमकी भी दी। इस दोहरे हिंसक झड़प के बाद गांव में काफी तनाव व्याप्त है, जिसकी पुष्टि करते हुए रजौन थानाध्यक्ष राज रतन ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं और पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर बिंदु पर गहन छानबीन कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि वर्तमान में गांव की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल द्वारा कैंप किया जा रहा है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments