धौनी-बामदेव पंचायत भवन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 'सहयोग शिविर' की सफलता को लेकर हुई विशेष बैठक

धौनी-बामदेव पंचायत भवन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 'सहयोग शिविर' की सफलता को लेकर हुई विशेष बैठक


​रजौन, बांका : जिला प्रशासन की जन-कल्याणकारी पहल 'सहयोग शिविर' को धरातल पर उतारने के लिए रजौन प्रखंड में प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रखंड के धौनी-बामदेव पंचायत अंतर्गत पिपराडीह गांव स्थित पंचायत भवन में एक महत्वपूर्ण विशेष बैठक आहूत हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 19 मई को आयोजित होने वाले मुख्य शिविर के लिए ग्रामीणों की समस्याओं का संकलन करना था। इसके साथ ही अधिकारियों ने सहयोग शिविर के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। ​बैठक के दौरान मुख्य रूप से जिला स्तर से नामित पर्यवेक्षक पदाधिकारी सह बिहार विकास मिशन के उप मिशन निदेशक अमिताभ कुमार गुप्ता, बीडीओ अंतिमा कुमारी और सीओ कुमारी सुषमा उपस्थित रहीं। इनके अलावा प्रखंड स्तरीय नोडल पदाधिकारी सह प्रखंड उद्यान पदाधिकारी पंकज कुमार, एमओ राजबाला सिंह, सीडीपीओ चंचला कुमारी, मनरेगा पीओ धर्मेंद्र कुमार, पीएचईडी जेई पवन कुमार, जीविका बीपीएम मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने शिरकत की। ​इस विशेष अवसर पर पंचायत के दर्जनों आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने आवेदकों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों का विभागवार पंजी में प्रविष्टि कर त्वरित निष्पादन किया जाएगा। इस बैठक को सफल बनाने में मुखिया अनुपम कुमारी, उप मुखिया राजीव कुमार मंडल, पंचायत समिति सदस्य अशोक रजक, सरपंच पंकज कुमार सिंह, पीआरएस अभिषेक कुमार, विकास मित्र मंजुला देवी, स्वच्छता पर्यवेक्षक सत्यम कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों और काफी संख्या में पंचायतवासियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के घर के पास ही समाधान को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

Post a Comment

0 Comments