जमीन उपलब्ध होने के बावजूद खैरा पंचायत में नहीं बना 'पंचायत सरकार भवन', ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

जमीन उपलब्ध होने के बावजूद खैरा पंचायत में नहीं बना 'पंचायत सरकार भवन', ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

रजौन, बांका :- बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'पंचायत सरकार भवन' को लेकर रजौन प्रखंड अंतर्गत खैरा पंचायत में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध होने के बावजूद प्रशासन द्वारा जमीन की कमी का बहाना बनाकर इस महत्वपूर्ण भवन के निर्माण कार्य को लटकाया जा रहा है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के अनुसार खैरा पंचायत के आनंदपुर मौजा (थाना नं. 431) में पंचायत सरकार भवन के लिए खाता संख्या 117 के अंतर्गत खेसरा नंबर- 251, 252, 253, 254, 255, 256, 258 और 262 में कुल 2.49 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जिसकी मापी स्वयं रजौन अंचलाधिकारी द्वारा भवन निर्माण हेतु करवाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। पत्र के साथ संलग्न दस्तावेजों के अनुसार आनंदपुर मौजा में बिहार सरकार की कुल 19.28 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जिसमें पंचायत सरकार भवन हेतु चिन्हित 2.49 एकड़ के अलावा पुरानी परती जमीन, पोखर की जमीन और अन्य भूखंड शामिल हैं, हालांकि इनमें से कुछ हिस्सों पर अतिक्रमण की भी बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि आनंदपुर गांव में सड़क के किनारे ही यह बड़ा प्लॉट खाली पड़ा है और भवन न होने के कारण न केवल पंचायत का प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही हैं। अंततः पंचायत की जनता ने मुख्यमंत्री से करबद्ध अनुरोध किया है कि मापी की गई जमीन पर जल्द से जल्द पंचायत सरकार भवन और अन्य आवश्यक केंद्रों के निर्माण का आदेश दिया जाए ताकि ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments