लोक शिकायत निवारण व जनसेवा में बांका जिला राज्य में फिर अव्वल; लापरवाही पर राजस्व अधिकारी पर 6,000 रुपये का जुर्माना

लोक शिकायत निवारण व जनसेवा में बांका जिला राज्य में फिर अव्वल; लापरवाही पर राजस्व अधिकारी पर 6,000 रुपये का जुर्माना

रजौन , बांका  :- ​बिहार के बांका जिले ने सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की है। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी (सामान्य प्रशासन विभाग) द्वारा जारी मई 2026 की राज्य स्तरीय मासिक रैंकिंग में बांका ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिला लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत पूरे राज्य में प्रथम और बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय स्थान पर रहा है। लगातार शीर्ष पायदानों पर बने रहना जिले की मजबूत कार्यसंस्कृति, प्रशासनिक जवाबदेही और जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है। इस सफलता के साथ ही जिला प्रशासन ने समयबद्ध सेवा में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख भी अख्तियार कर लिया है। आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सेवाएं न देने के कारण बेलहर के राजस्व अधिकारी पर 6,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है और इस राशि की वसूली भी कर ली गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह साफ संदेश दे दिया है कि जनसेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बांका जिले की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे एक कुशल टीमवर्क और प्रभावी मॉनिटरिंग है। यह सफलता जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के दूरदर्शी नेतृत्व, अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कुमार मिथिलेश प्रसाद सिंह के सतत अनुश्रवण और जिला आईटी प्रबंधक प्रमोद कुमार चौधरी के बेहतरीन तकनीकी प्रबंधन का प्रतिफल है। अधिकारियों के इसी कुशल मार्गदर्शन में जिले के सभी आईटी सहायक, कार्यपालक सहायक और अन्य कर्मी पूरी निष्ठा के साथ आम जनता की शिकायतों और सेवाओं के त्वरित निष्पादन में जुटे हुए हैं।
रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments