नवादा बाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.37 ग्राम ब्राउन शुगर और बाइक के साथ धोरैया के दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल​

नवादा बाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.37 ग्राम ब्राउन शुगर और बाइक के साथ धोरैया के दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल​

रजौन, बांका :- रजौन प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सकहारा-मकरौंधा मोड़ के समीप से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो शातिर तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से कुल 7.37 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोटरसाइकिल विधिवत जब्त की गई है। नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को बीते शनिवार की संध्या गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर प्रतिबंधित मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप लेकर सकहारा-मकरौंधा मोड़ के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर तत्काल घेराबंदी कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो संदिग्धों को जब रोककर पूछताछ की गई और उनकी विधिवत तलाशी ली गई, तो उनके पास से 7.37 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों की पहचान धोरैया थाना क्षेत्र के जाखा निवासी राजू भगत (पिता- मोहन भगत) एवं धोरैया निवासी निखिल कुमार (पिता- स्वर्गीय विजय पोदार) के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्तों से आवश्यक पूछताछ और नशीले पदार्थों के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज को लेकर गहन छानबीन करने के उपरांत रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए आगे की तफ्तीश में जुटी है।
रिपोर्ट:- केआर  राव 

Post a Comment

0 Comments