बांका में कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, पहले दिन डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

बांका में कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, पहले दिन डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

​बांका :- केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा-2026 रविवार से जिले के कुल 7 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। बता दें कि यह परीक्षा 14 जून (रविवार) एवं 17 जून (बुधवार) को दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसके तहत प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03 बजे से शाम 05 बजे तक निर्धारित है। पहले दिन की परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से मोर्चे पर रहकर आरएमके उच्च विद्यालय सहित अन्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्राधीक्षकों व प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी और नियमों के तहत ही संपन्न कराया जाए। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच और प्रवेश प्रक्रिया को हर हाल में निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच पहले दिन की परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी कम दर्ज की गई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ही पालियों में आधे से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रथम पाली में कुल आवंटित 2,592 अभ्यर्थियों में से केवल 1,216 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,376 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। ठीक यही स्थिति द्वितीय पाली में भी देखने को मिली, जहां 2,592 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 1,216 परीक्षा में शामिल हुए और 1,376 अनुपस्थित रहे। हालांकि, कड़े पहरे का असर यह रहा कि पूरे जिले में कदाचार के आरोप में एक भी अभ्यर्थी को निष्कासित नहीं किया गया। जिला प्रशासन के सफल प्रबंधन के कारण पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments