रजौन,बांका :-रजौन थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप बीते गुरुवार की अहले सुबह बालू माफियाओं द्वारा खनन विभाग की टीम पर हमला मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय कमांड एंड कंट्रोल रूम से मिले निर्देश पर 11 जून को तड़के छापेमारी करने निकली जिला खनन विभाग की टीम पर अपराधियों ने लाठी-डंडों से संगठित हमला कर दिया था। इस हमले में खनन टीम की सुरक्षा में तैनात एक गृह रक्षक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दयालपुर ग्राम निवासी रविंद्र यादव के पुत्र राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। रजौन थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार खान निरीक्षक प्रीति लता सिन्हा सशस्त्र बल के साथ अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ छापेमारी के लिए जा रही थीं। सुबह करीब 04:18 बजे टेकनी मोड़ के पास टीम ने बालू लदे दो ओवरलोड ट्रैक्टरों को देखा। खनन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगे। पीछा करने के दौरान चकरौशन के समीप एक और ओवरलोड ट्रैक्टर भागता हुआ मिला। हालांकि, तीनों ट्रैक्टर चालक छापेमारी दल को चकमा देकर भागने में सफल रहे। इस अवैध परिवहन से सरकारी राजस्व को लगभग 4,35,000 रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। ट्रैक्टरों का पीछा करने के बाद जब खनन टीम वृंदावन गांव के रास्ते वापस रजौन की ओर लौट रही थी, तभी स्थानीय अवैध खननकर्ताओं और अपराधियों ने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो और करीब 25 से 30 मोटरसाइकिलों के साथ सुनियोजित तरीके से टीम का पीछा करना शुरू कर दिया। अपराधी लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और कठरंग मोड़ के पास उन्होंने खनन टीम के वाहन को आगे से घेरकर रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने संगठित होकर लाठी-डंडों से टीम पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में खनन विभाग की टीम के साथ मौजूद गृह रक्षक बल के जवान खिड्डी निवासी मनीष कुमार यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाकी सदस्यों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने खनन विभाग के स्कॉर्पियो वाहन के पीछे का काँच पूरी तरह चकनाचूर कर दिया, जबकि गाड़ी के सभी दरवाजे, ड्राइविंग हैंडल और बाहरी हिस्से को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर मौजूद कर्मियों द्वारा की गई पहचान और स्थानीय स्तर पर की गई जांच के बाद कुल 24 नामजद और कई अन्य अज्ञात अपराधियों के खिलाफ रजौन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने पंकज यादव, राहुल यादव, ब्रजेश यादव, कनवाली यादव, मो. शादाब, मो. आफताब, बब्लू, लालू यादव, अभिषेक यादव, अवधेश यादव, राजेश यादव और टुनटुन यादव सहित करीब दो दर्जन लोगों को अभियुक्त बनाया है। इन आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं और बिहार खनिज नियमावली 2019 (संशोधित 2026) के तहत सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और अवैध खनन का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दयालपुर के राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान छेड़ दिया है।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...