डूबते हुए सूर्य को अर्घ्यदान आज, प्रखंड क्षेत्र के 13 चिन्हित छठ घाटों पर प्रशासन की रहेगी विशेष नजर


रजौन (बांका) चार दिवसीय छठ महापर्व का दूसरे दिन मंगलवार को नेम और निष्ठा के साथ खरना पर्व संपन्न हुआ। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए छठ व्रतियों के घर पास पड़ोस के श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर अस्तलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ महापर्व को लेकर मंगलवार को भी रजौन, पुनसिया, नवादा बाजार सहित ग्रामीण इलाकों के हाट-बाजारों में पूजन सामग्री खरीदने के लिए छठ वर्तियों की भीड़ रही। राजावर मोड़, बामदेव, खिड्डी हाट सहित ग्रामीण इलाकों के छोटे-मोटे हाट बाजारों में छठ व्रती श्रद्धालु सामग्री खरीदते नजर आ रहे थे। छठ व्रत को लेकर छठ घाटों की साफ सफाई के साथ-साथ आकर्षक तरीके से केले के थम आदि से सजाने का कार्य परवान पर है। सीओ सह प्रभारी बीडीओ मु. मोइनुद्दीन ने बताया प्रखंड क्षेत्र के 13 छठ घाटों को चिन्हित किया गया है। ऐसे कई घाटों पर गोताखोरों की भी तैनाती की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन प्रखंड वासी छठ महापर्व रजौन-बाराहाट सीमा पर अवस्थित मुख्य सड़क मार्ग स्थित महाशय डेहरी छठ घाट जहां प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ पूजा समिति पुनसिया बाजार द्वारा भगवान भास्कर का आकर्षक प्रतिमा स्थापित करते हुए पूजा-अर्चना करने की परंपरा है। इसी प्रकार मुख्य सड़क मार्ग स्थित ही चांद सरोवर, कतरिया नदी-जख बाबा छठ घाट, रजौन थाना स्थित ऐतिहासिक सूजा शिकार तलाब छठ घाट, रजौन मोदी हाट दुर्गा मंदिर स्थित छठ घाट, लकड़ा काली मंदिर स्थित नपकीएड़ा छठ घाट सहित चांदन नदी, नवादा-धनकुंड थाना सीमा पर अवस्थित कदवा नदी लखना बांध छठ घाट, कोल्हनी, बाबूरा प्रशाखा नहर, हरना प्रशाखा नहर, उपरामा तालाब, फकीरा बांध, दो मुहान सहित प्रखंड वासी अपने-अपने सुविधा अनुसार बगल स्थित छठ घाटों का उपयोग करते हुए सुंदर आकर्षक तरीके से सजाते हुए लोक आस्था का महापर्व श्रद्धा नेम निष्ठा के साथ भगवान भास्कर को डूबते एवं उगते हुए समय अर्घ्य दान करेंगे। चिन्हित 13 छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से चौकीदारों से लेकर सशस्त्र बलों आदि तक को लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post