भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने कहा कि पूर्व विद्यार्थी हमारी धरोहर हैं। उनके साथ भावनात्मक संबंधों को सहेजना हमारा दायित्व है। पूर्व विद्यार्थी श्री आयुष चाकू की स्मृति में आयोजित शोक सभा में उन्होंने यह बात कही। श्री आयुष वर्तमान में लुधियाना के मेडिकल कॉलेज में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।
कुलपति प्रो. सुरेश ने श्री आयुष के निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र प्रकोष्ठ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों के आपसी संवाद को बढ़ावा देना और उनकी समस्याओं में उनको संबल देना है।
इस मौके पर पूर्व विद्यार्थी और सह प्राध्यापक डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि श्री आयुष रचनात्मक लेखक और जनसंपर्क कला में कुशल थे। उनका कम उम्र में इस तरह आकस्मिक रूप से चले जाना सबके लिए क्षति है। इस दौरान उनके सहपाठी रहे श्री मिथिलेश चंद्रा ने बताया कि वे विद्यार्थी जीवन से ही पत्रकारिता के प्रति गंभीर नजरिया रखते थे। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. अविनाश वाजपेयी, पूर्व छात्र प्रकोष्ठ के समन्वयक श्री परेश उपाध्याय और अंकित पांडे ने भी श्री आयुष को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, पूर्व विद्यार्थी श्री विवेक यादव, सुहृद तिवारी और अंकित मुवेल सहित अन्य पूर्व विद्यार्थियों ने भी आयुष को श्रद्धांजलि अर्पित की।