रजौन थाना के अपर थानाध्यक्ष रमाकांत सिंह को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

रजौन थाना के अपर थानाध्यक्ष रमाकांत सिंह को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

रजौन, बांका : रजौन थाना के अपर थानाध्यक्ष रमाकांत सिंह 30 नवंबर दिन गुरुवार को सेवानिवृत हो गए हैं। सेवानिवृत्ति के उपरांत एक दिसंबर दिन शुक्रवार की रात्रि थाना परिसर में समारोह पूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। इस विदाई समारोह की अध्यक्षता रजौन पुलिस अंचल निरीक्षक वकील प्रसाद यादव कर रहे थे। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर वकील प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वे काफी कर्तव्यनिष्ठ पुलिस पदाधिकारी में से एक थे। करीब 40 वर्षों तक पुलिस सेवा में रहने की वजह से पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को उनसे बहुत कुछ सीखने समझने का मौका मिला। इस मौके पर उपस्थित रजौन सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन ने भी जमकर तारीफ करते हुए उन्हें कुशल पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ नेक इंसान बताया। सेवानिवृत्ति के बाद भी इनका सहयोग पुलिस विभाग को मिले, वे जहां भी रहे अपने परिवार के साथ स्वस्थ एवं प्रसन्न रहे आदि की सबों ने कामना की। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अपने 14 साल के सेवा काल में शायद ही कोई इनके जैसा पुलिस पदाधिकारी इतना कर्तव्यनिष्ट व व्यवहार कुशल मिले। कर्तव्य पालन में वे इतना नेक एवं धनी इंसान थे कि 30 नवंबर को सेवानिवृत्ति के दिन भी इन्होंने मांग कर पुलिस गश्ती से लेकर अपने कर्तव्य पालन को करना नहीं छोड़ा, जबकि अक्सर सेवा काल में ऐसा देखा जाता है कि सेवानिवृत्त होने के पूर्व ही लोग कर्तव्य पालन में निष्क्रिय दिखने लगते हैं। इनके कमी को भरपाई करना संभव प्रतीत नहीं होगा। इनमें सेवा का भाव कूट-कूट कर भरा हुआ था। ये काफी कर्तव्यनिष्ठ, व्यवहार कुशल व नेक स्वभाव के पुलिस पदाधिकारी थे। मालूम हो रमाकांत सिंह पटना जिला अंतर्गत पालीगंज थाना क्षेत्र के मूलनिवासी हैं। इनका जन्म 2 नवंबर 1963 को हुआ था। वे पुलिस सेवा में 15 दिसंबर 1983 को सिपाही पद पर पदस्थापित हुए थे। सहायक अवर निरीक्षक जमादार के पद पर पदोन्नति 2014 में हुई थी। सहायक अवर निरीक्षक जमादार के पद से पदोन्नति पाकर वे अवर निरीक्षक (दरोगा) 2016 में बने थे। जुलाई 2021 से रजौन में पदस्थापित रहकर अपर थानाध्यक्ष का पदभार संभाल रहे थे। विदाई समारोह के अवसर पर रजौन प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पड़घड़ी-लकड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह, खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विष्णु सिंह उर्फ चुन्नीलाल, रजौन व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल, श्याम यादव, बब्लेश केसरी, अवधेश यादव वृंदावन, कृत्यानंद झा, राजद प्रखंड अध्यक्ष बबलू सिंह चंद्रवंशी, अमन कुमार सिंह आदि ने भी संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त अपर थानाध्यक्ष रमाकांत सिंह को माल्यार्पण करते हुए बुके एवं अंग वस्त्र आदि प्रदान कर भावभीनी विदाई दी। वहीं पुलिस प्रशासनिक पदाधिकारी की ओर से सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन, पुलिस इंस्पेक्टर वकील प्रसाद यादव तथा थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने भी माला पहनाकर एवं गले मिलते हुए अंग वस्त्र आदि प्रदान कर भावभीनी विदाई दी। रजौन थाना पुलिस परिवार की ओर से पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार सिंह, मनोज झा, शिव शंकर यादव, राकेश कुमार राय, थाना मैनेजर उदय कुमार सिंह, श्रवण कुमार शर्मा, थाना स्टाफ धनंजय पासवान, मोहम्मद जफर, विनोद पासवान, कुणाल कुमार, कुंदन कुमार पासवान, शिला कुमारी सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार-दफादार, पुरुष एवं महिला पुलिस पदाधिकारियों ने भी फूलमाला, बुके व अंगवस्त्र आदि प्रदान करते हुए भावभीनी विदाई दी।

Post a Comment

0 Comments