रजौन में आरएसएस ने की सामाजिक सद्भाव बैठक, समाज से जातिगत भेदभाव दूर करने का लोगों ने लिया प्रण

रजौन में आरएसएस ने की सामाजिक सद्भाव बैठक, समाज से जातिगत भेदभाव दूर करने का लोगों ने लिया प्रण

रजौन, बांका :-प्रखंड मुख्यालय विवाह भवन परिसर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सामाजिक एकता, आपसी समन्वय और सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया, जहां संघ के स्वयंसेवकों के अलावे प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के विभिन्न वर्ग और समुदायों के करीब 6 दर्जन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संघ के भागलपुर विभाग के सह कार्यवाह विजय विश्वरंजन चांदवाला एवं प्रखंड संयोजक सह वरिष्ठ स्वयंसेवक कुमुद रंजन राव सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया, इसके बाद उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से भारत माता के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस सामाजिक सद्भाव बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को संघ के भागलपुर विभाग के सह कार्यवाह विजय विश्वरंजन चांदवाला का बौद्धिक मिला। इस दौरान बौद्धिककर्ता ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी सामाजिक एकता और विविधता में निहित है। समय-समय पर समाज के सभी वर्गों द्वारा राष्ट्र निर्माण, संरक्षण और उन्नति में योगदान दिया गया है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक सद्भाव बैठक के माध्यम से आपसी सहयोग, समन्वय और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान समाज से आए लोगों ने भी अपने-अपने विचारों का आदान-प्रदान किया और समाज को एक सूत्र में पिरोने का प्रण लिया। बता दें कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा जातिवाद और छुआछूत जैसे सामाजिक कलंक को जड़ से समाप्त करने के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इस सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया। संघ के इस अभियान के तहत हिंदू सम्मेलन और घर-घर जाकर संपर्क जैसे कार्यक्रम शामिल हैं, ताकि 'कोई छोटा-बड़ा नहीं, सभी जन एक समान' के विचार को मजबूत किया जा सके और राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो। इस कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने भारत माता की बारी-बारी से मंगल आरती उतारी। इसके बाद प्रसाद व अल्पाहार के वितरण के पश्चात यह कार्यक्रम संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम का संचालन संघ के खंड सह कार्यवाह जितेंद्र ठाकुर एवं विकेश कुमार कर रहे थे। इस मौके पर संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक सह प्रखंड संयोजक कुमुद रंजन राव, डॉ. प्रो. अमरेंद्र कुमार, दिलीप कुमार मंडल, जिला सह कार्यवाह अमरेंद्र कुमार, खंड कार्यवाह रंजीत कुमार, खंड व्यवस्था प्रमुख अवधेश कुमार, चंदन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कुमार सुमन, रूपेश कुमार चौधरी, राजकुमार भारती, प्रदीप साह, सिकंदर यादव, संजीव कुमार, मनोज कुमार मिश्रा, राधे साह, बरुण कुमार, मधुकर साह, जीवेश कुमार, विपिन कुमार, बंटी साह सहित काफी संख्या में संघ के स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट::- केआर राव 


Post a Comment

0 Comments