रजौन में 'फॉर्मर रजिस्ट्री' की धूम: शनिवार को बना रिकॉर्ड, एक दिन में 1107 किसानों का निबंधन सफल

रजौन में 'फॉर्मर रजिस्ट्री' की धूम: शनिवार को बना रिकॉर्ड, एक दिन में 1107 किसानों का निबंधन सफल

रजौन,बांका :- प्रखंड में चल रहे 'फॉर्मर रजिस्ट्री' (किसानों की डिजिटल पहचान) अभियान ने शनिवार को अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। प्रशासन की सक्रियता और किसानों के भारी उत्साह के कारण शनिवार को महज एक दिन में कुल 1107 किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। एडीएम अजीत कुमार एवं डीएओ त्रिपुरारी शरण शर्मा के निर्देश पर शनिवार को अभियान का दायरा बढ़ाते हुए प्रखंड की सभी 18 पंचायतों के साथ-साथ रजौन प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एक साथ शिविर का आयोजन किया गया। रजौन सीओ कुमारी सुषमा, बीएओ अरविंद कुमार और प्रभारी बीएओ संजय कुमार निराला के नेतृत्व में शनिवार को सभी पंचायतों में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और राजस्व कर्मचारियों की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। अंचल कार्यालय और पंचायतों में देर शाम तक किसानों का ई-केवाईसी और निबंधन कार्य चलता रहा, जिसके फलस्वरूप 1107 का जादुई आंकड़ा पार हो सका। ​अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान की यह गति रविवार को भी जारी रहेगी। रविवार (11 जनवरी) को भी सभी पंचायतों एवं अंचल कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मकर संक्रांति के त्योहार को देखते हुए अभियान में कुछ दिनों का विराम रहेगा। तत्पश्चात द्वितीय चरण की शुरुआत 18 जनवरी से होगी, जो 21 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान छूटे हुए किसानों के लिए पुनः सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि सभी पात्र किसानों को इस योजना से जोड़ा जा सके।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments