रजौन, बांका :-रजौन थाना मार्ग स्थित राजवनेश्वरनाथ धाम में आगामी 21 से 29 अप्रैल तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय श्री श्री 1008 शिवशक्ति महारुद्र यज्ञ को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यज्ञ के सफल और भव्य आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को मंदिर परिसर में सत्यनारायण सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए यज्ञ संचालन के लिए एक विस्तृत आयोजन समिति का गठन किया गया। इस बैठक के दौरान यज्ञ के विभिन्न प्रबंधकीय और धार्मिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। नवगठित समिति में बासुकीनाथ सिंह को अध्यक्ष, जबकि राजकुमार सिंह, वीरेंद्र यादव, देवनंदन श्रीवास्तव एवं प्रकाश मंडल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यज्ञ के कुशल प्रबंधन के लिए पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह को सचिव, निरंजन कुमार उर्फ पप्पू यादव को उपसचिव, राजेंद्र साह को कोषाध्यक्ष तथा दिलीप कुमार मंडल को उप कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं कार्यक्रम के सफल संचालन और उद्घोषक की जिम्मेदारी ओंकार भारती को सौंपी गई है। यज्ञ के मार्गदर्शन हेतु एक प्रभावशाली संरक्षक मंडल का भी चयन किया गया है, जिसमें सिकंदर प्रसाद यादव, राघवेंद्र सिंह, सत्यनारायण सिंह, महादेव तिवारी, प्रो. जयकुमार राणा, प्रो. जीवन प्रसाद सिंह, रणविजय सिंह, फुलेश्वर हरिजन, नरेश पांडेय, डॉ. प्रताप नारायण सिंह, घनश्याम प्रसाद सिंह एवं कुमुद रंजन राव को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त, कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विजय प्रसाद साह, प्रमोद सिंह 'वेल्डन', प्रीतम कुमार राव, अनिल यादव, प्रकाश कुमार पंकज, शंकर सिंह सहित करीब 3 दर्जन से अधिक स्थानीय गणमान्य लोगों को स्थान दिया गया है। बैठक में क्षेत्र के दर्जनों बुजुर्गों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति ने निर्णय लिया है कि यज्ञ की आगामी रणनीति और तैयारियों की समीक्षा के लिए अगली बैठक 6 मार्च दिन शुक्रवार को आयोजित की जाएगी। गौरतलब हो कि इससे पूर्व वर्ष 2022 में (5 से 13 मई) यहां 9 दिवसीय महारुद्र यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया था, जिसकी सफलता को देखते हुए इस बार भी श्रद्धालु बेहद उत्साहित हैं।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...