रजौन, बांका :-रजौन प्रखंड के लाल और पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति इंजीनियर डॉ. प्रो. विवेकानंद सिंह ने अपनी विद्वता और कार्यकुशलता से न केवल अपने गृह क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस गौरवशाली यात्रा में एक और नया अध्याय तब जुड़ गया, जब उन्हें राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) पटना द्वारा प्रतिष्ठित ‘एलुमनाई अचीवर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह गौरवपूर्ण सम्मान उन्हें विगत 1 फरवरी को बीसीई-एनआईटी पटना एलुमनाई सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘एनुअल मीट - 2026’ के भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर देशभर के प्रमुख शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और प्रशासकों की मौजूदगी में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व, नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण और प्रभावी प्रशासनिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की गई। प्रो. सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पूर्णिया विश्वविद्यालय लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अकादमिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों, प्रशासनिक पारदर्शिता और छात्रहितैषी नीतियों के मामले में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे यह संस्थान न केवल क्षेत्रीय स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय पटल पर भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उनकी कार्यशैली और दूरदर्शी सोच ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल में एक सकारात्मक परिवर्तन ला दिया है। बता दें कि मूलतः रजौन प्रखंड के पड़घड़ी ग्राम निवासी स्वर्गीय भुवनेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र डॉ. प्रो. विवेकानंद सिंह का यह सफर उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। जदयू प्रदेश सचिव सह मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह के बड़े भाई होने के साथ-साथ वे एक कुशल प्रशासक भी हैं। पूर्णिया विश्वविद्यालय का कुलपति बनने से पूर्व उन्होंने एनआईटी पटना में एक अध्यापक के रूप में तथा विभिन्न प्रशासनिक पदों पर लंबी सेवाएं दी हैं। उनके इसी विस्तृत प्रशासनिक अनुभवों को देखते हुए राजभवन ने ठीक एक वर्ष पूर्व जनवरी 2025 में उन्हें पूर्णिया विश्वविद्यालय की कमान सौंपी थी। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल पूर्णिया विश्वविद्यालय परिवार में, बल्कि उनके पैतृक गांव पड़घड़ी सहित पूरे रजौन प्रखंड में हर्ष और उत्सव का माहौल है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ रजौन के शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों ने भी डॉ. सिंह को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...