रजौन में मैट्रिक परीक्षा का आगाज: फॉर्म में गलती से छात्रों के बीच परीक्षा देने पहुंची छात्रा, तो ऑपरेशन के बाद टांकों के दर्द के बावजूद हितेश ने दी परीक्षा

रजौन में मैट्रिक परीक्षा का आगाज: फॉर्म में गलती से छात्रों के बीच परीक्षा देने पहुंची छात्रा, तो ऑपरेशन के बाद टांकों के दर्द के बावजूद हितेश ने दी परीक्षा

)​रजौन,बांका :- इंटरमीडिएट परीक्षा के शांतिपूर्ण समापन के बाद मंगलवार (17 फरवरी) से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। रजौन प्रखंड के दो परीक्षा केंद्रों राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धौनी (छात्र केंद्र) और प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, धौनी-चकसपिया (छात्रा केंद्र) पर पहले दिन हिंदी और उर्दू विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। ​परीक्षा के पहले दिन राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में केंद्राधीक्षक राकेश रंजन और दंडाधिकारी सह प्रखंड उद्यान पदाधिकारी पंकज कुमार व मनरेगा पीओ धर्मेंद्र कुमार की निगरानी में प्रथम पाली में 546 में से 535 और द्वितीय पाली में 521 में से 512 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं प्रोजेक्ट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में केंद्राधीक्षक मनोज कुमार पंडित और दंडाधिकारी श्रम विभाग के जेई राकेश कुमार व महिला पर्यवेक्षिका नेहा कुमारी के नेतृत्व में प्रथम पाली में 404 में से 394 और द्वितीय पाली में 375 में से 370 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। ​इस दौरान राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां कटोरिया प्रखंड की छात्रा स्वाति यादव को सैकड़ों छात्रों के बीच अकेले परीक्षा देनी पड़ी। दरअसल, परीक्षा फॉर्म भरते समय भूलवश जेंडर कॉलम में 'फीमेल' की जगह 'मेल' (पुरुष) अंकित हो गया था, जिसके चलते उनका सेंटर लड़कों वाले केंद्र पर पड़ गया। ​वहीं इसी केंद्र पर शिक्षा के प्रति जज्बे की एक अनोखी मिसाल भी देखने को मिली। अमरपुर प्रखंड के छात्र हितेश कुमार पांडेय (पिता- मिथुन पांडेय) गंभीर सर्जरी के बावजूद परीक्षा देने पहुंचे। हितेश ने बताया कि पेट में दर्द के कारण 28 जनवरी को उनका पहला और परीक्षा से मात्र दो दिन पूर्व 15 फरवरी को दूसरा बड़ा ऑपरेशन हुआ है, जबकि अगस्त में तीसरा ऑपरेशन होना है। पेट में टांके और दर्द होने के बावजूद हितेश ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पिता के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपने भविष्य के लिए परीक्षा दी।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments