शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ महाशिवरात्रि महोत्सव, सोमवार को भी शिवालयों में उमड़ी भीड़

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ महाशिवरात्रि महोत्सव, सोमवार को भी शिवालयों में उमड़ी भीड़

​रजौन, बांका :-महाशिवरात्रि का महापर्व रविवार को धूमधाम से संपन्न होने के बाद सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महाशिवरात्रि के ठीक अगले दिन सोमवार का विशेष संयोग होने के कारण श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना दिखा। सुबह होते ही रजौन थाना परिसर स्थित राजवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर, चकसपिया के भूतेश्वरनाथ धाम, पुनसिया के दुःखहरणनाथ, नवटोलिया के गोपेश्वरनाथ, रामपुर के नंदीश्वरनाथ, सिंहनान के मनमौजी नाथ, रूपसा के रूपेश्वर नाथ, खैरा ड्योढ़ी स्थित अतिप्राचीन शिव मंदिर, उपरामा के जयेश्वरनाथ, कुटिया के बद्रीनारायण धाम, डरपा के भयहरणनाथ, महादा के महादेश्वरनाथ, भदवा के भदेश्वरनाथ, खरवा के चतुर्भुजेश्वरनाथ एवं लश्करी नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। इसके अलावा पड़घड़ी, बामदेव, खिड्डी, तिलकपुर, बनगांव, आसमानीचक, महादेवपुर, चैनपुर, झा टोला झिकटा, विष्णुपुर, नवादा बाजार, खजूरकोरामा सहित प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में अवस्थित शिवालयों में भी देर दोपहर तक पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। इस दौरान रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर शुरू हुए 24 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन का सोमवार को विधिवत समापन हुआ, जिसके बाद आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ पूरा क्षेत्र 'हरे राम-हरे कृष्ण' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान निकाली गई भव्य शोभायात्रा से लेकर सोमवार को मंदिरों में उमड़ी भीड़ तक, पूरा आयोजन अत्यंत शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस सफलता में विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों की सक्रियता के साथ-साथ रजौन थाना और नवादा बाजार सहायक थाना की पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, जिसके फलस्वरूप प्रखंड भर में यह महान पर्व गरिमामय तरीके से संपन्न हो गया।

रिपोर्ट::- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments