डिजिटल हेल्थ में बांका का डंका: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को मिले दो राज्य स्तरीय सम्मान

डिजिटल हेल्थ में बांका का डंका: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को मिले दो राज्य स्तरीय सम्मान

बांका :-बांका जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे राज्य में अपनी पहचान बनाई है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बांका जिले को दो राज्य स्तरीय ‘सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट’ से नवाजा गया है। यह गौरवपूर्ण सम्मान बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा प्रदान किया गया, जिसे राज्य स्तरीय समारोह में बांका जिले की ओर से सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह और जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) पवन कुमार ने ग्रहण किया। ​जिले को यह सफलता दो महत्वपूर्ण मोर्चों पर बेहतरीन कार्य करने के लिए मिली है। पहला प्रमाण पत्र फार्मेसी हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री कवरेज में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए दिया गया है, जो यह दर्शाता है कि जिले में सरकारी एवं निजी फार्मेसियों का पंजीकरण और सत्यापन व्यापक स्तर पर किया गया है। वहीं, दूसरा प्रमाण पत्र हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री में सत्यापित सार्वजनिक कवरेज हासिल करने के लिए मिला है, जिसके माध्यम से जिले के स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं (डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ) का डिजिटल पंजीकरण सुनिश्चित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान की गई है। इस ​समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बांका जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार अब डिजिटल हेल्थ सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है और ये आधुनिक सेवाएं अब केवल शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण इलाकों तक भी प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। इस दोहरी उपलब्धि पर सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए इसका श्रेय जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों, फार्मेसी संचालकों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों की कड़ी मेहनत को दिया है। उन्होंने भविष्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प भी दोहराया।

रिपोर्ट :- केआर राव 


Post a Comment

0 Comments